- Home
- /
- महामंडल अध्यक्षों की होंगी...
महामंडल अध्यक्षों की होंगी नियुक्तियां, मुख्यमंत्री लेंगे निर्णय

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य में विविध महामंडलों के अध्यक्षों की नियुक्तियां जल्द होंगी। कोरोना के कारण यह नियुक्तियां रुकी हुई हैं। महाविकास आघाड़ी में इस पर निर्णायक चर्चा चल रही है। आघाड़ी से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी के अनुसार इन नियुक्तियों के लिए औपचारिक विचार-विमर्श समन्वय समिति की बैठक में किया जा चुका है। इस पर कुछ प्रमुख पदाधिकारियों में चर्चा हुई है। सभी सहयोगी दलों से कहा गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र से उचित प्रतिनिधियों के नामों की सूची तैयार करें। समिति के निर्णय के बाद मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से चर्चा की जाएगी। मुख्यमंत्री ही इसमें निर्णय लेंगे।
कार्यकर्ताओं का दबाव : विविध निकाय चुनावों को देखते हुए महामंडलों पर नियुक्तियों के लिए महाविकास आघाड़ी सरकार में शामिल दलों व नेताओं पर कार्यकर्ताओं का दबाव बढ़ता जा रहा है। विधान परिषद की कुछ सीटों के लिए चुनाव नहीं हो पाए हैं। नगर परिषदों व ग्राम पंचायतों के चुनाव भी होने वाले हैं। मुंबई में 2022 में महानगर पालिका के चुनाव होंगे। नागपुर में 2022 की शुरुआत में ही मनपा के चुनाव होंगे। विविध निकाय संस्थाओं में महाविकास आघाड़ी के पास बहुमत नहीं है। उदाहरण के लिए नागपुर को ही देखा जाए, तो यहां महाविकास आघाड़ी में शामिल दलों की स्थिति ठीक नहीं है। नागपुर मनपा में चुने हुए 151 सदस्यों में 25 सदस्य कांग्रेस के हैं। राकांपा के 1 व शिवसेना के 2 सदस्य हैं। कार्यकर्ता चाहते हैं कि महामंडलों में प्रतिनिधित्व मिले, ताकि चुनाव तैयारी करने में मदद मिले। इसके अलावा विदर्भ मराठवाड़ा जैसे सूखाग्रस्त और आत्महत्या ग्रस्त इलाकों के विकास के लिए काम करने वाले महामंडलों को लेकर भी कांग्रेस और राकांपा के बीच प्रतिस्पर्धा है।
राजनीतिक पुनर्वास : राज्य में एक दर्जन से अधिक महामंडल और प्राधिकरण काम कर रहे हैं। इनमें अध्यक्ष और सदस्यों के रूप में राजनीतिक नियुक्तियां की जाती हैं। कांग्रेस-राकांपा के नेतृत्व की सरकार के समय इन नियुक्तियों को लेकर काफी विवाद चलता रहा है। विलासराव देशमुख से लेकर अशाेक चव्हाण व पृथ्वीराज चव्हाण के मुख्यमंत्री काल में ये नियुक्तियां पूरी तरह से नहीं हो पाई थीं। देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व की युति सरकार के समय भी वैसी ही स्थिति रही। नई सरकार ने महामंडलों की सारी नियुक्तियों को रद्द कर दिया।
ये हैं प्रमुख महामंडल : नागपुर गृहनिर्माण व क्षेत्र विकास मंडल, राज्य खनिज महामंडल, विदर्भ विकास मंडल, राज्य अल्पसंख्यक आयोग, मौलाना आजाद अल्पसंख्य आर्थिक विकास महामंडल, महाराष्ट्र महिला आर्थिक विकास महामंडल, राज्य लघु उद्योग विकास महामंडल, महात्मा फुले मागासवर्गीय आर्थिक विकास महामंडल, राज्य न्यूनतम वेतन सलाहकार मंडल, शहर व आैद्योगिक विकास महामंडल।
बनाई गई है समिति
महामंडलों की नियुक्ति का अधिकार पूरी तरह से मुख्यमंत्री का है। कार्यकर्ताओं के नामाें पर चर्चा चल रही है। नागपुर में राकांपा ने एक समिति बनाई है, जिसमें 4 सदस्य हैं। कार्यकर्ताआें के सुझाव के अनुरूप नामों की सूची पार्टी के प्रदेश प्रमुख को भेजी जाएगी।
अनिल अहिरकर, अध्यक्ष राकांपा नागपुर
Created On :   28 Sept 2020 3:44 PM IST