- Home
- /
- Maharashtra 12th Results: लड़कियों...
Maharashtra 12th Results: लड़कियों का दबदबा कायम, विभाग में नागपुर जिला अव्वल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। महाराष्ट्र बोर्ड की 12वीं परीक्षा के परिणाम बुधवार, 30 मई को घोषित किए गए। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षा मंडल नागपुर की ओर से ली गई इस परीक्षा में विभाग के 6 जिलों से कुल 1 लाख 64 हजार 627 विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थी। इनमें से 87.57 यानी 1 लाख 44 हजार 170 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। हर बार की तरह इस बार भी लड़कियों ने ही बाजी मारकर अपना दबदबा कायम रखा है। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष सफलता का प्रतिशत 1.48 से घट गया है। विभाग के 6 जिलों में से नागपुर जिले का परिणाम 89.72 प्रतिशत रहा है जो कि सबसे बेहतर है। वहीं 80.98 प्रतिशत रिजल्ट पर गड़चिरोली जिला सबसे पीछे रह गया है। इस क्रम में गोंदिया 89.36 प्रतिशत, भंडारा 88.73, चंद्रपुर 86.82 और वर्धा 82.68 प्रतिशत सफल रहे। करीब डेढ़ लाख विद्यार्थियों की सफलता पर उनके माता-पिता व गुरुजनों में हर्ष का माहौल है। हर जगह मिठाइयां बांटकर विद्यार्थी अपनी खुशियां जाहिर कर रहे हैं।
विफल रहे 20 हजार विद्यार्थी
नागपुर विभाग के 6 जिलों में 21 फरवरी से 20 मार्च 2018 के बीच 452 परीक्षा केंद्रों पर ली गई 12वीं परीक्षाओं में कुल 164627 छात्र-छात्राओं ने परीक्षाएं दी। इनमें से 144170 उत्तीर्ण हुए, जबकि 20457 विद्यार्थियों को विफलता का सामना करना पड़ा है। पुनर्परीक्षार्थियों का सफलता प्रमाण 33.53 हैं। पुनर्परीक्षा देने वाले 7665 विद्यार्थियों में से मात्र 2570 विद्यार्थी ही सफल हो पाए हैं। यहां 5095 विद्यार्थियों को विफलता का सामना करना पड़ा है।
सफलता के पैमाने पर साइंस आगे
नागपुर विभाग में जिन 6 जिलों के विद्यार्थियों ने परीक्षाएं दी थी, उनमें साइंस से 70268 में से 67639 विद्यार्थी कामयाब रहे। यानी विज्ञान शाखा का परीक्षा परिणाम 96.26 प्रतिशत अंकों के साथ अव्वल रहा, जबकि कला शाखा के 65161 में से 51082 अर्थात 78.39 प्रतिशत विद्यार्थी ही सफल हो पाए। वाणिज्य शाखा के 21461 में से 19218 अर्थात 89.55 विद्यार्थी कामयाब रहे। इसके अलावा एमसीवीसी शाखा के 7737 में से 6231 अर्थात 80.54 विद्यार्थी सफल हो पाए।
लड़के 84.24 फीसदी पर अटके तो लड़कियां 91 प्रतिशत लेकर रही आगे
नागपुर विभाग में से 83515 लड़कों ने व 81112 लड़कियों ने 12वीं की परीक्षाएं दी थी। 83515 लड़कों में से 70356 अर्थात 84.24 प्रतिशत लड़के सफल रहे। जबकि 81112 में से 73814 लड़कियों ने बाजी मारते हुए 91 प्रतिशत तक कामयाबी हासिल की।
नागपुर विभाग में 12वीं का परीक्षा परिणाम :
जिला परीक्षार्थी उत्तीर्ण प्रतिशत
नागपुर 64183 57588 89.72
गोंदिया 21431 19151 89.36
भंडारा 18544 16455 88.73
चंद्रपुर 29271 25413 86.82
वर्धा 17528 14493 82.68
गडचिरोली 13670 11070 80.98
कुल 164627 144170 87.57
Created On :   31 May 2018 12:31 AM IST