- Home
- /
- महाराष्ट्र: मौसम की मार से 9 लाख...
महाराष्ट्र: मौसम की मार से 9 लाख हेक्टेयर की फसल बर्बाद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में खरीफ फसल सीजन में अतिवृष्टि और बाढ़ की स्थिति के कारण इस साल बड़े पैमाने पर फसलों का नुकसान हुआ है। अगस्त और सितंबर महीने में अतिवृष्टि, बाढ़ और तुफानी हवाओं के कारण राज्य के 24 जिलों में 8 लाख 99 हजार 961 हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों को क्षति पहुंची है। धान, सोयाबीन, तुअर, कपास, ज्वारी, बाजरी, गन्ना, हल्दी, मक्का, उड़द, मूंगफली, केला, अनार, अंगूर, पपीता, मिर्ची, सब्जी और प्याज की फसलें चौपट हुई हैं। राज्य सरकार के कृषि विभाग के प्राथमिक रिपोर्ट के अनुसार यह जानकारी सामने आई है। इसके अलावा धान, ज्वारी, मक्का और कपास की फसलों पर कीट लगने के कारण कई जगहों पर नुकसान हुआ है।
कृषि विभाग के अनुसार राज्य में 5 अक्टूबर तक 145.42 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की बुवाई हुई है। खरीफ सीजन में फसलों की 96.09 प्रतिशत बुवाई हुई है। पिछले साल इस दौरान 94.11 प्रतिशत बुवाई हुई थी। कृषि विभाग के मुताबिक इस साल नागपुर विभाग में 99.88 प्रतिशत, अमरावती विभाग में 96.66 प्रतिशत, लातूर विभाग में 102.92 प्रतिशत, औरंगाबाद विभाग में 100.40 प्रतिशत, कोल्हापुर विभाग में 100.58 प्रतिशत, पुणे विभाग में 138.27 प्रतिशत, नाशिक विभाग में 96.12 प्रतिशत और कोंकण विभाग में 88.91 प्रतिशत बुवाई हुई है।
Created On :   9 Oct 2020 5:48 PM IST