- Home
- /
- पोषण माह सफल बनाने के लिए...
पोषण माह सफल बनाने के लिए महाराष्ट्र को 14 पुरस्कार घोषित

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केन्द्र सरकार के राष्ट्रीय पोषण माह के तहत उल्लेखनीय कार्य के लिए महाराष्ट्र को 14 पुरस्कार घोषित हुए है। इसमें सबसे अधिक 5 पुरस्कार अकेले कोल्हापुर जिले को प्राप्त हुए है। 10 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित समारोह में यह पुरस्कार दिए जायेंगे। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय की ओर से राष्ट्रीय पोषण मिशन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सिंतबर महीने को 36 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में पोषण अभियान के तहत राष्ट्रीय पोषण माह के रुप में मनाया गया।
पोषण अभियान लागू करने में राज्यों द्वारा किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार घोषित किए गए है। इनमें क्षेत्र स्तर कार्यकर्ता अवार्ड, व्यक्ति सर्वश्रेष्ठता के लिए अवार्ड, ग्रामीण स्तरीय अवार्ड, लीडरशीप अवार्ड, बेहतर सोशल मीडिया कैंपेन के लिए राज्य स्तरीय अवार्ड सहित अन्य शामिल है। इस अभियान के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए महाराष्ट्र के कोल्हापुर को व्यक्ति सर्वेश्रेष्ठता की श्रेणी में पांच महिला कार्यकर्ताओं को पुरस्कार घोषित हुआ है।
इसके अलावा इस श्रेणी में भंडारा जिले की एएनएम कार्यकर्ता चंदा झालके, चंद्रपुर जिले की पूजा वेरुलकर, अहमदनगर की कल्पना अंदुरे और संगीता पवार, नासिक जिले की अंगनवाडी सेविका मंदा शिंदे, आशा कार्यकर्ता पुष्पा शिंदे और एएनएम कार्यकर्ता लक्ष्मी गायकवाड को भी पुरस्कार मिला हुआ है। वहीं जिला स्तरीय पुरस्कार चंद्रपुर के बाल विकास प्रकल्प अधिकारी किरण सूर्यवंशी और नासिक के बाल विकास प्रकल्प अधिकारी सुनील दुसाणे को घोषित हुआ है।
Created On :   8 Oct 2018 7:20 PM IST