- Home
- /
- महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में फेरबदल की...
महाराष्ट्र मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें, केंद्र में बुलाए जा सकते हैं फडणवीस

डिजिटल डेस्क, मुंबई। केंद्र में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाओं के बीच महाराष्ट्र में भी राज्य मंत्रिमंडल में फेरबदल की अटकलें तेज हो गई हैं। CM देवेंद्र फडणवीस को केंद्र जाने के लिए कहा जा सकता है, जबकि राज्य सरकार के कुछ मंत्रियों को पद छोड़ना पड़ सकता है। उनकी जगह पर नए विधायकों को मंत्री बनने का मौका मिलने की उम्मीद है। हालांकि बीजेपी की तरफ से इन अटकलों की पुष्टि करने को कोई तैयार नहीं है।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना मानें तो यदि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार होता है तो कुछ दागी मंत्रियों को हटना पड़ सकता है। महाराष्ट्र विधानमंडल के मानसून सत्र में बीजेपी के गृहनिर्माण मंत्री सुभाष देसाई और शिवसेना के उद्योग मंत्री सुभाष देसाई पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे थे। विपक्ष के दबाव के बाद CM ने दोनों मंत्रियों के खिलाफ लगे आरोपों की जांच की घोषणा की। दोनों मंत्रियों ने इस्तीफे की पेशकश की थी, लेकिन CM ने इस्तीफा स्वीकार नहीं किया। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही फैसला लिया जाएगा। केंद्र में विस्तार डेढ़ साल बाद होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया जाएगा। CM फडणवीस को उनकी साफ सुथरी छवि के कारण केंद्र में जाने का अवसर मिल सकता है। इससे एक बार फिर से राज्य में CM पद के लिए राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील और वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार के कयास लगाए जा रहे हैं। साथ ही लोकसभा और महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव एक साथ कराने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
Created On :   16 Aug 2017 8:28 PM IST