- Home
- /
- विखे पाटील थामेंगे भाजपा का दामन,...
विखे पाटील थामेंगे भाजपा का दामन, महाजन ने कहा - प्रवेश सिर्फ औपचारिकता

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता राधाकृष्ण विखे पाटील का भाजपा में शामिल होना अब सिर्फ औपचारिकता है। 30 मई को मोदी सरकार के शपथ ग्रहण के बाद किसी भी दिन विखे पाटील के भाजपाई होने का मुहुर्त निकाल सकता है। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता व राज्य के जल संसाधन मंत्री गिरीष महाजन ने कही। मंगलवार को विखे पाटील ने महाजन से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि विखे पाटील बगैर किसी शर्त के भाजपा में शामिल हो रहे हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान विखे पाटील ने विपक्ष के नेता पद से अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को सौप दिया था। हालांकि उन्होंने अभी तक विधानसभा अध्यक्ष को अपना इस्तीफा नहीं दिया है। विखे पाटील के बेटे सुजय विखे पाटील अहमदनगर से भाजपा के टिकट पर सांसद चुने गए हैं। इस दौरान विखे पाटील ने कहा कि मैंने खुलेआम अपने बेटे भाजपा उम्मीदवार सुजय का प्रचार किया था। इस लिए मेरे खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि मेरे बेटे को कांग्रेस का टिकट न देकर अन्याय किया गया था। इससे कांग्रेस की नीति का पता चलता है। विखे पाटील ने कहा कि अभी मैंने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल मैं किसी विधायक के सम्पर्क में नहीं हूं। भाजपा में शामिल होने के सवाल पर विखे पाटील ने कहा कि फिलहाल मैंने कोई फैसला नहीं किया है। महाजन से मुलाकात की बाबत उन्होंने कहा कि वे राज्य के मेडिकल शिक्षामंत्री हैं। मैं मेडिकल कालेज चलाता हूं। इस लिए अदालत द्वारा मेडिकल प्रवेश में मराठा कोटा खत्म किए जाने की बाबत चर्चा करने आया था। जबकि मंत्री महाजन ने कहा कि विखे पाटील कभी भी भाजपा में शामिल हो सकते हैं। विखे पाटील को राज्य मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के बारे में पूछे जाने पर महाजन ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा-राकांपा के कई विधायक भाजपा के सम्पर्क में हैं। महाजन ने कहा कि अब कोई कांग्रेस-राकांपा के साथ नहीं रहना चाहता। लेकिन दूसरे दलों के लोगों को शामिल करने की हमारी एक सीमा है।
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद अब पार्टी को जून महीने में फिर से झटका लगेगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राधाकृष्ण विखे पाटील अपने समर्थक विधायकों के साथ भाजपा में शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार विखे पाटील राज्य मंत्रिमंडल में शामिल हो सकते हैं। कांग्रेस के बागी विधायक अब्दुल सत्तार ने इससे संकेत भी दिए हैं। सोमवार को विखे पाटील और सत्तार के बीच मुंबई में बैठक भी हुई। सत्तार ने कहा कि 1 से 6 जून के बीच विखे पाटील की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रावसाहब दानवे के बीच चर्चा होगी। इस बैठक में भाजपा में प्रवेश के बारे में तारीख निश्चित की जा सकती है। सत्तार ने कहा कि हमने भाजपा में प्रवेश के बारे में सभी अधिकारी विखे पाटील को दिए हैं। विखे पाटील जो फैसला करेंगे वह हमें स्वीकार होगा। दूसरी ओर राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए भी सुगबुगाहट तेज हो गई है। समझा जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस राज्य मंत्रिमंडल का तीसरा विस्तार करेंगे। प्रदेश के खाद्य व आपूर्ति मंत्री गिरीश बापट पुणे सीट से सांसद निर्वाचित हुए हैं। इसलिए बापट का मंत्री पद रिक्त होगा। 17 जून को शुरू होने वाले विधानमंडल के मानसून सत्र से पहले राज्य मंत्रिमंडल विस्तार की उम्मीद है।
प्रदेश के वित्त मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने कहा कि राज्य में निश्चित रूप से मंत्रिमंडल का विस्तार होगा लेकिन विस्तार कब करना है यह फैसला मुख्यमंत्री लेंगे। मुनगंटीवार ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार शिवसेना को विश्वास में लेकर किया जाएगा। भाजपा नेता व प्रदेश के राजस्व मंत्री चंद्रकांत पाटील ने शिवसेना पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। सूत्रों के अनुसार दोनों नेताओं के बीच राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार और केंद्र में मंत्री पद को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद उद्धव ने प्रदेश के शिवसेना के मंत्रियों और पार्टी के नवनिर्वाचित सांसदों के साथ मातोश्री में बैठक की। इस बैठक में उद्धव ने पार्टी के नेताओं के साथ केंद्र की नई सरकार में शिवसेना की भागीदारी को लेकर चर्चा की। सूत्रों के अनुसार मोदी सरकार को शिवसेना को दो मंत्री पद मिल सकता है। दूसरी ओर शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे के विधानसभा चुनाव में उतरने की मांग युवासेना की ओर से हो रही है। युवासेना के सचिव वरूण सरदेसाई ने यह मांग की है।
Created On :   28 May 2019 2:42 PM IST