Maharashtra: दिल्ली- मुंबई विमान और रेल सेवा बंद कराने की खबर को नागरिक उड्‌डयन और रेल मंत्रालय ने गलत बताया

Maharashtra: दिल्ली- मुंबई विमान और रेल सेवा बंद कराने की खबर को नागरिक उड्‌डयन और रेल मंत्रालय ने गलत बताया

डिजिटल डेस्क, मुंबई। दिल्ली में कोरोना के बढते मामलों को देखते हुए दिल्ली से मुंबई विमान और रेल सेवा बंद कराने की खबर को नागरिक उड्‌डयन और रेल मंत्रालय ने गलत बताया है। दोनों मंत्रालयों ने इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि विमान और रेल सेवा बंद करने के बारे में कोई निर्णय नहीं लिया गया है। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना के मामले बढ रहे है। इसे देखते हुए महाराष्ट्र सरकार दिल्ली से मुंबई के बीच विमान और रेल सेवा कुछ समय के लिए बंद कराने पर विचार कर रही है, ऐसी शुक्रवार को कुछ न्यूज चैनेलों ने खबरें चलाई थी। इसके बाद रेलवे मंत्रालय ने ट्वीट कर इस खबर का खंडन करते हुए स्पष्ट कर दिया की मंत्रालय की ओर से ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं नागर विमानन मंत्रालय ने भी इसका खंडन किया है।

मुंबई-दिल्ली के बीच हवाई-ट्रेन यातायात रोकने पर हो सकता है विचार

राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मद्देनजर मुंबई को लेकर राज्य सरकार सतर्क हो गई है। महानगर में कोरोना के मामलों में तेजी से कमी आई है। इस लिए स्थिति को बिगडने से बचाने के लिए राज्य सरकार एहतियात के तौर दिल्ली-मुंबई के बीच हवाई उड़ानों और ट्रेनों का परिचालन रोकने पर विचार कर सकती है। राज्य के मुख्य सचिव संजय कुमार के अनुसार फिलहाल इस बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दिल्ली-मुंबई के बीच हवाई और ट्रेन यातायात रोकने का प्रस्ताव विचाराधीन है। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-नागपुर के बीच भी हवाई व ट्रेन यातायात रोकने पर विचार किया जा रहा है। मंत्रालय सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस संदर्भ में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विचार विमर्श करें और उन्हें स्थिति से अवगत कराएं।

इस बीच रेलवे ने ट्वीट कर कहा है कि मुंबई-दिल्ली के बीच ट्रेन रद्द करने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। जबकि मुंबई एयरपोर्ट ने भी दिल्ली-मुंबई के बीच हवाई यातायात रोकने की खबरों का खंडन किया है। जबकि मुंबई मनपा आयुक्त आईएस चहल ने कहा कि नो मास्क, नो इंट्री मुहिम ही हमें बचा सकती है। उन्होंने कहा कि सावधानी से ही हम इस महामारी से निपट सकते हैं। 

स्थिति पर रख रहे नजर

राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि सरकार और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अगर स्थिति बिगड़ती नजर आई तो हालात पर काबू पाने के लिए सरकार हर वह फैसला लेगी जिससे संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। अधिकारी ने कहा कि हम रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट पर फिर से यात्रियों की सख्त स्क्रीनिंग भी शुरू करने पर विचार कर रहे हैं।

दिल्ली से मुंबई तक बढ़ी चिंता

सर्दी शुरु होने के साथ ही दिल्ली में कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी के बाद महाराष्ट्र व मुंबई को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। महाराष्ट्र में भी दिवाली के बाद से कोरोना के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। खासतौर पर मुंबई, पुणे के अलावा जलगांव में कोरोना के मामलों में वृद्धि हुई है। राज्य सरकार  11 नवंबर को ही सभी जिला प्रशासन को कोरोना की दूसरी संभावित लहर से निपटने के लिए तैयार और सतर्क रहने के निर्देश जारी कर चुकी है। राज्य सरकार ने अपने दिशानिर्देशों में यह भी कहा है कि लोगों के ज्यादा संपर्क में आने वाले लोगों पर सतर्क निगाह रखी जाए और उनकी सतत जांच की जाए। इनमें बाहर से आने वाले लोग, होटल में काम करने वाले वेटर, सब्जी विक्रेता, दूध विक्रेता, सामानों की होम डिलीवरी करने वाले डिलीवरी ब्वॉय और अन्य रिटेल दुकानदारों के स्वास्थ्य की लगातार जांच की जाए।
   

 

 

 

Created On :   20 Nov 2020 10:16 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story