- Home
- /
- शिक्षा की गुणवत्ता में 10वें...
शिक्षा की गुणवत्ता में 10वें क्रमांक पर महाराष्ट्र

विजय सिंह ‘कौशिक’। मुंबई देश में महाराष्ट्र की गिनती आर्थिक रूप से समृद्धिशाली प्रगतिशील राज्यों में होती है पर शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में यह राज्य देश में 10वे क्रमांक पर है। जबकि पंजाब इस मामले में पहले नंबर पर है। राजस्थान व मध्यप्रदेश भी महाराष्ट्र से आगे हैं। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद(एनसीईआरटी) की वर्ष 2021 की रिपोर्ट में यह बात सामने आई है।
सर्वे में शमिल थे 34 लाख छात्र, 5 लाख शिक्षक
देशभर के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने के लिए एनसीईआरटी हर साल सर्वेक्षण के बाद रिपोर्ट तैयार करता है। साल 2021 के ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के 1 लाख 18 हजार 274 स्कूलों के कक्षा तीन, पांच, आठ और दसवीं के 34 लाख 1 हजार 158 छात्रों और 5 लाख 26 हजार 814 शिक्षको पर सर्वे कर यह रिपोर्ट तैयार की गई है। इस सर्वे में भाषा, गणित, अंग्रेजी व पर्यावरण अध्ययन शामिल था।
निजी स्कूलों की अपेक्षा सरकारी स्कूलों की गुणवत्ता खराब
शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इस रिपोर्ट के हवाले से ‘दैनिक भास्कर’ को बताया की महाराष्ट्र देश में 10वें क्रमांक पर है लेकिन कक्षा तीसरी और पांचवी क्लास के मामले में महाराष्ट्र का क्रमांक क्रमश चौथा व पांचवा है। जबकि आठवी और दसवी की पढ़ाई के मामले में महाराष्ट्र फिसड्डी साबित हुआ है। तीसरी और पांचवी कक्षा के छात्र सरकारी स्कूलों के है जबकि प्राथमिक कक्षाओं से आगे के ज्यादातर स्कूल निजी हैं। इससे पता चलता है की निजी स्कूलों की शिक्षा की गुणवत्ता सरकारी स्कूलों की तुलना में अच्छी नहीं है। इस सूची में देश का सबसे बड़ा राज्य उत्तर प्रदेश 31 और बिहार 23 क्रमांक पर है। सर्वाधिक साक्षरता वाला राज्य केरल 11वें क्रमांक पर है।
टॉप 10 राज्य
क्रमांक राज्य रेटिंग
1 पंजाब 59.38
2. चंडीगढ़ 55.13
3. राजस्थान 54.83
4. जम्मू-काश्मीर 50.30
5. मध्यप्रदेश 49.98
6. पांडिचेरी 49.93
7. मणीपुर 49.45
8. हरियाणा 49.40
9. पश्चिम बंगाल 49.35
10. महाराष्ट्र 49.05
शिक्षा की गुणवत्ता के मामले में महाराष्ट्र को पहले स्थान पर लाने के लिए प्रयास शुरू किए गए हैं। इसके लिए हम जिलावार समीक्षा कर रहे हैं। राज्य के 408 ब्लाक रिसोर्स को-आर्डिनेटर (बीआरसी) के लिए ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित किया गया है। उम्मीद है की सालभर में इसके अच्छे परिणाम दिखाई देंगे।’
कैलाश पगारे राज्य परियोजना निदेशक महाराष्ट्र प्राथमिक शिक्षण परिषद, मुंबई
Created On :   27 July 2022 7:44 PM IST