- Home
- /
- उज्ज्वल परंपरा कायम रखें, मतदान...
उज्ज्वल परंपरा कायम रखें, मतदान करें: संजीव कुमार

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लोकतंत्र की अलख जलाए रखने के लिए स्वतंत्र और नि:ष्पक्ष वातावरण में चुनाव होना जरूरी है। इसके लिए प्रत्येक भारतीय को निडर होकर अपने मतदान के अधिकार का उपयोग करना चाहिए। विभागीय आयुक्त संजीव कुमार ने यह विचार राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जिलाधिकारी कार्यालय के बचत भवन सभागृह में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में रखे।
अब ऑनलाइन मतदाता पंजीयन सुविधा भी
उन्होंने कहा कि, विश्व की सबसे समृद्ध लोकतांत्रिक व्यवस्था को कायम रखते हुए भारत ने विविध क्षेत्रों में प्रगति की है। आधुनिक तकनीक का मतदाताओं की सुविधाओं के लिए इस्तेमाल किया है। ईवीएम, वीवीपैट का सफलतापूर्वक इस्तेमाल किया गया है। अब तो ऑनलाइन मतदाता पंजीयन की सुविधा भी दी गई है। आज ई-इपिक डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध करा कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। ऐसे में मतदाताओं को अपने मतदान के अधिकार का इस्तेमाल कर लोकतंत्र को मजबूत बनाना चाहिए। कार्यक्रम में जिलाधिकारी रवींद्र ठाकरे, मुख्य कार्यकारी अधिकारी योगेश कुंभेजकर, विश्व के सबसे छोटे कद की महिला ज्योति आमगे, राष्ट्रीय तैराक जयंत दुबले, ग्रैंड मास्टर रौनक साधवानी, निर्वाचन उपजिलाधिकारी मीन कलसकर इस दौरान उपस्थित थे।
मूल्य आधारित प्रशिक्षण जरूरी
जिलाधिकारी ठाकरे ने अपने संबोधन में कहा कि, एक सशक्त लोकतंत्र के लिए मतदाताओं में मतदान के प्रति जागरूकता निर्माण करना जरूरी है। इस बारे में मूल्याधारित मतदाता प्रशिक्षण जरूरी है। उन्होंने आह्वान किया कि, जिले में लागू मतदाता पंजीयन उपक्रम में 18 वर्ष की आयु पार करने वाले युवाओं को बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। इस कार्यक्रम के तहत अब तक 52 हजार 527 मतदाताओं का पंजीयन हुआ है, जिसमें 12 हजार 378 नए मतदाताओं का समावेश है। जिले में 42 लाख 30 हजार 388 मतदाता हैं। इन्हें मतदाता पहचान पत्र भी दिया गया है।
सूची में अपने नाम की पुष्टि कर लें
भारत लोकतांत्रिक देश है। लोकतांत्रिक देश में चुनाव महत्वपूर्ण है। ऐसे चुनाव में निर्भय और निष्पक्षता के साथ मतदान करना आवश्यक है। 18 वर्ष के प्रत्येक महिला, पुरुष को मतदान का अधिकार है। इसके लिए मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है। सभी मतदाताओं ने सूची में अपना नाम, पता, फोटो व्यवस्थित तरीके से दर्ज है या नहीं, इसकी पुष्टि कर ले। अन्यथा मतदान के दिन अनावश्यक परेशान होना पड़ सकता है। इसमें कोई दुरुस्ती होने पर तत्काल अपने क्षत्र के संबंधित मतदान केंद्र स्तरीय अधिकारी और संबंधित मतदान पंजीयन अधिकारी के कार्यालय से संपर्क साधकर दुरुस्ती करना आवश्यक है। -शेखर घाड़गे, एसडीओ
Created On :   27 Jan 2021 1:31 PM IST