- Home
- /
- मक्का उत्पादन : MP में नंबर 1 देश...
मक्का उत्पादन : MP में नंबर 1 देश में दूसरे स्थान पर छिंदवाड़ा

डिजिटल डेस्क, छिंदवाड़ा। मक्का उत्पादन में छिंदवाड़ा का MP में पहला स्थान है, वहीं बात की जाए देश की तो तमिलनाडु के बाद दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा मक्का उत्पादन होता है। भारत में मक्का का औसत उत्पादकता 21.46 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है। अकेले छिंदवाड़ा की बात करें तो यहां 50.23 क्विंटल प्रति हेक्टेयर औसत उत्पादन है। तमिलनाडु की औसत उत्पादकता 65 क्विंटल प्रति हेक्टेयर है, लेकिन उत्पादन के मामले में वो पीछे है। खास बात ये है कि मक्का की किस्में इजाद करने में भी छिंदवाड़ा की अहम भूमिका रही है। यहां देश में सबसे ज्यादा सात प्रकार की कंपोजिट किस्में इजाद होती हैं।
रकबे में छिंदवाड़ा नंबर वन
खरीफ सीजन में छिंदवाड़ा का रकबा 2 लाख 45 हजार हेक्टेयर है। अभी 80 फीसदी तक बुआई हो चुकी है। कृषि विभाग के उप संचालक केपी भगत का कहना है कि जिले में मक्के का रकबा लगातार बढ़ रहा है। इस बार 5 हजार हेक्टेयर रकबा बढ़ने का अनुमान है। MP में मक्के का कुल रकबा 13 लाख हेक्टेयर के लगभग है। मक्का का इतना रकबा देश में किसी और जिले में नहीं है। औसत उत्पादन में जिला देश में नंबर वन है। उत्पादकता में तमिलनाडु के बाद दूसरे स्थान पर है।
स्वीट कॉर्न की अलग पहचान
जिले में स्वीट कॉर्न के उत्पादन में भी किसान खास रुचि दिखा रहे हैं। करीब 2000 हेक्टेयर में किसान स्वीट कॉर्न का उत्पादन कर रहे हैं। खास बात यह है कि यहां का स्वीट कॉर्न अपनी गुणवत्ता के कारण विशेष पहचान बना चुका है। महाराष्ट्र समेत अन्य प्रदेशों में छिंदवाड़ा के स्वीट कॉर्न की मांग रहती है।
क्यों अव्वल है जिला ?
छिंदवाड़ा का वातावरण मक्का उत्पादन के लिए अनुकूल है। वैज्ञानिक डॉ। विजय पराडकर बताते हैं कि अनुकूल वातावरण होने से यहां उत्पादकता और उत्पादन लगातार बढ़ रहा है। जो प्रदेश ही नहीं, देश में अव्वल है। इसके अलावा मेहनती व जागरूक किसानों की मेहनत की वजह से भी उत्पादन में इजाफा होता है।
किस्में इजाद की
जिले के आंचलिक अनुसंधान केंद्र चंदनगांव में मक्का की संकुल प्रजातियों पर अनुसंधान कर नई किस्में तैयार की गई है। इसमें चंदन मक्का-1, चंदन मक्का-2, चंदन मक्का-3, जवाहर मक्का-8, जवाहर मक्का-12, जवाहर मक्का- 216 और जवाहर पॉप-11 की किस्में तैयार की गई हैं।
Created On :   9 July 2017 7:11 PM IST