- Home
- /
- जामुन से जूस तैयार करने का प्रकल्प...
जामुन से जूस तैयार करने का प्रकल्प बनाया जाए

डिजिटल डेस्क, कोरची(गड़चिरोली)। विदर्भ में प्रसिद्ध गड़चिरोली जिले के कोरची में पाए जाने वाले जामुन पर प्रक्रिया कर जूस तैयार करने के लिए आदिवासी विकास महामंडल की ओर से प्रकल्प निर्माण करने की मांग भाजपा तहसील अध्यक्ष नसरुद्दीन भामानी ने राज्य के आदिवासी विकास मंत्री विजयकुमार गावित को सौंपे ज्ञापन में की है। ज्ञापन में कहा गया कि, विदर्भ में कोरची तहसील के जामुन प्रसिद्ध है। प्रतिदिन कोरची से नागपुर, चंद्रपुर 10 से 15 टन जामुन बिक्री के लिए जाते हैं।
कोरची में जामुन जूस प्रकल्प निर्माण होने से स्थानीय आदिवासी सुशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलेगा। तहसील में मई व जून माह में भारी मात्रा में जामुन उपलब्ध होता है, लेकिन जामुन पर प्रक्रिया कर जूस निर्माण करने का प्रकल्प नहीं होने से यहां के लोगों को कम दाम में जामुन बाहर गांवों में बिक्री करना पड़ता है। जिससे तहसील के नागरिकों को भारी वित्तीय नुकसान का सामना करना पड़ता है। जिससे तहसील में जामुन जूस निर्माण के लिए प्रकल्प निर्माण किया जाए। वहीं गड़चिरोली जिला धान उत्पादक जिले के रूप में पहचाना जाता है। जिले में आदिवासी विविध कार्यकारी संस्था महामंडल धान की खरीदी करता है, लेकिन धान रखने के लिए गोदाम नहीं होने से बारिश के दिनों में धान गीला हो जाता है। इसलिए महामंडल की ओर से तहसील के सभी धान खरीदी केंद्र में गोदाम निर्माण करने की मांग आदिवासी विकास मंत्री विजयकुमार गावित से की है। इस समय आरमोरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक कृष्णा गजबे, गड़चिरोली विधानसभा क्षेत्र के विधायक देवराव होली, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष किसन नागदेवे, बाबूराव कोहले, रवींद्र ओललवार उपस्थित थे।
Created On :   11 Dec 2022 2:45 PM IST












