- Home
- /
- आरटीआई के जरिए जानकारी हासिल कर...
आरटीआई के जरिए जानकारी हासिल कर हफ्ता मांगनेवाला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आरटीआई के जरिए परियोजना से जुड़े कागजात हासिल कर उसकी शिकायत करने के बाद बिल्डर से 10 लाख रुपए हफ्ता मांगने वाले एक 72 वर्षीय आरोपी को ठाणे पुलिस के जबरन वसूली विरोधी पथक ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम मुकेश कनकिया है। आरोपी बिल्डर से 3 लाख 61 हजार रुपए ले चुका था इसके बावजूद उसकी मांग खत्म नहीं हुई और 3 लाख 11 हजार रुपए की दूसरी किश्त लेते हुए रंगेहाथों पकड़ा गया। शिकायतकर्ता बिल्डर अपनी कंपनी विक्रांत एंटरप्राइजेज के जरिए ठाणे के चरई इलाके में स्थित एक हाउसिंग सोसायटी का पुनर्विकास कर रहा है।
आरोपी कनकिया ने आरटीआई के जरिए साल 2017 से शुरू इस परियोजना से जुड़ी जानकारी हासिल की और फिर ठाणे महानगर पालिका में इसकी शिकायत कर दी। इसके बाद कनकिया ने बिल्डर से शिकायत वापस लेने के लिए 5 लाख रुपए की मांग की। बिल्डर ने आरोपी को 3 लाख 61 हजार रुपए दे दिए तो कनकिया ने मांग बढ़ा दी और कहा कि उसे शिकायत वापस लेने के लिए कम से कम 10 लाख रुपए चाहिए। इसके बाद बिल्डर ने मामले की शिकायत जबरन वसूली विरोधी पथक से की। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। छानबीन के दौरान आरोपी के पास से 4 लाख 40 हजार रुपए नकद और संपत्ति से जुड़े कागजात बरामद किए गए है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने दूसरे लोगों को भी इसी तरह ब्लैकमेल किया है इसलिए लोगों से अपील की गई है कि आपपास के इलाकों में जिन लोगों से आरोपी ने इस तरह पैसे वसूले हैं वे मामले की जानकारी पुलिस को दें।
Created On :   10 Jun 2022 7:05 PM IST