- Home
- /
- पती ने की पत्नि-बच्ची की गला रेतकर...
पती ने की पत्नि-बच्ची की गला रेतकर हत्या, गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। आपसी कलह के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी और चार साल की बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। आरोपी ने हत्या के बाद दोनों शवों को आग लगाकर जलाने की कोशिश की। पड़ोसियों ने घर से धुआं निकलते देख मामले की जानकारी दमकल और पुलिस को दी। वारदात के समय दंपति का बेटा ट्यूशन गया हुआ था इसलिए वह बच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी रियाज हुसैन धारावी इलाके में साहूनगर इलाके में स्थित डायमंड इमारत में परिवार के साथ रहता था। गुरुवार सुबह रियाज ने विवाद के बाद अपनी पत्नी तहसीन जेहरा और आलिया की हत्या कर दी। हत्या की वजह पारिवारिक विवाद बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक रियाज के किसी और महिला के साथ संबंध थे। पत्नी इसका विरोध कर रही थी जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। आशंका है कि इसी विवाद के चलते रियाज ने पत्नी और बेटी की हत्या की। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन में जुटी हुई है।
परीक्षा के तनाव के चलते आत्महत्या
उधर, दसवीं की आगामी परीक्षा में असफलता के डर से एक 15 साल की लड़की ने आत्महत्या कर ली। परिवार के साथ कांदिवली इलाके में रहने वाली लड़की ने बुधवार रात साढ़े आठ बजे के करीब अपने घर में ही फांसी लगा ली। जिस वक्त लड़की ने खुदकुशी की परिवार के अन्य सदस्य दूसरे कमरे में बैठे हुए थे। लड़की को पंखे से लटका देख परिवार वाले उसे अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। समता नगर पुलिस एडीआर दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।
Created On :   1 Feb 2019 1:20 AM IST