- Home
- /
- वैक्सीन के लिए लगाने पड़ रहे चक्कर,...
वैक्सीन के लिए लगाने पड़ रहे चक्कर, कमी के चलते बंद हो चुके हैं कई सेंटर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। वैक्सीन की कमी के कारण शहर के अधिकांश वैक्सीनेशन सेंटर बंद हो चुके हैं। जो शुरू हैं, वहां से भी लोग बिना टीकाकरण के वापस लौट रहे हैं। हैरानी इस बात की है कि शहर प्रशासन द्वारा वैक्सीन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है। लोगों को वैक्सीनेशन केंद्र पर बुलाया भी जा रहा है और लोग घंटों कतार में खड़े रह कर वैक्सीन लगवाने का इंतजार कर रहे हैं। इसके बाद अंत में पता चलता है कि वैक्सीन का स्टाक खत्म हो गया है। रोजाना अनेक लोग बगैर वैक्सीन लगवाए लौट रहे हैं।
3 बार वापस लौटे : ऑनलाइन पंजीकरण करने पर वैक्सीन लगवाने का समय निर्धारित हो जाता है। शासन द्वारा सूचित किया जाता है कि तय समय पर वैक्सीनेशन किया जाएगा। इस मामले में डॉ. विजय अग्रवाल का कहना है कि वे तीन बार वैक्सीनेशन सेंटर से बैरंग लौट चुके हैं। ऑनलाइन पंजीकरण करने पर पहले उन्हें सदर स्थित कार्पोरेशन अस्पताल में वैक्सीन के लिए पहुंचने की सलाह दी गई। यहां पहुंच कर कतार में खड़े रहने के कुछ देर बाद ही पता चला कि वैक्सीन का स्टाक खत्म हो गया है। दूसरी मर्तबा उन्हें पुलिस मुख्यालय परिसर में जाने की सलाह दी गई। यहां पहुंचने पर पता चला कि पुलिस विभाग के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाने के बाद बचेगी, तो ही उन्हें वैक्सीन लगाई जाएगी। अंतत: यहां भी वैक्सीन खत्म हो गई। रविवार सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे के दरम्यान उन्हें मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर स्थित केंद्र पर पहुंचने के लिए कहा गया। वे जब दोपहर 12.30 बजे पहुंचे, तो पता चला कि यहां भी वैक्सीन का स्टॉक समाप्त हो गया है। इसी तरह अनेक लोग वैक्सीनेशन केंद्र से वापस लौट रहे हैं।
Created On :   10 May 2021 2:16 PM IST