- Home
- /
- आघाड़ी सरकार में अनेेक सुपर...
आघाड़ी सरकार में अनेेक सुपर मुख्यमंत्री तैयार : फडणवीस

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य में लाॅकडाउन को लेकर मदद व पुनर्वसन मंत्री विजय वडेट्टीवार के बयान पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस ने महाविकास आघाड़ी पर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा है कि महाविकास आघाड़ी में आरंभ से ही श्रेय लेने की स्पर्धा चल रही है, लिहाजा यहां अनेक सुपर मुख्यमंत्री तैयार हुए हैं। अनलॉक को लेकर मंत्री ही राज्य में भ्रम फैला रहे हैं। मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे मंत्रियों में अनुशासन लाएं।
भ्रम फैलाया जा रहा
पत्रकारों से चर्चा में फडणवीस ने कहा कि राज्य में मंत्रियों में अनुशासन नहीं दिख रहा है। गुरुवार को वडेट्टीवार ने 18 जिले में संचारबंदी हटाने की घोषणा की थी। राज्य सरकार ने इस संबंध में कोई भी नीतिगत निर्णय नहीं लिया। स्वयं राज्य सरकार ने खुलासा किया है कि कोविड की स्थिति पर केवल चर्चा चल रही है। नीतिगत निर्णय मुख्यमंत्री लेते हैं, लेकिन तीन दलों की सरकार होने के कारण प्रत्येक दल श्रेय लेने की राजनीति कर रहे हैं। संंबंधित विभाग के मंत्री स्वयं को निर्णयाधिकारी समझकर बोलने लगे हैं। मंत्रियों के कारण भविष्य में बार-बार भ्रम न हो इस मामले में मुख्यमंत्री को चाहिए कि वे ध्यान दें।
ओबीसी आरक्षण पर विफल
फडणवीस ने कहा है कि ओबीसी आरक्षण के मामले में सरकार विफल है। उच्चतम न्यायालय ने बार-बार सवाल किए, लेकिन ओबीसी समाज को राजनीतिक आरक्षण के संबंध में महाविकास आघाड़ी सही पक्ष नहीं रख पाई। कोई भी आंकड़े नहीं दिए गए। न्यायालय को यह भी नहीं बताया कि आरक्षण कायम रखने के लिए क्या किया जा रहा है। न्यायालय से सरकार को पर्याप्त समय मिला था। ओबीसी को राजनीतिक आरक्षण न्यायालय ने रद्द करनेे के बाद आघाड़ी सरकार ने आयोग गठन का निर्णय लिया। मराठा समाज को भी आघाड़ी सरकार आरक्षण नहीं दिलाना चाहती है।
Created On :   5 Jun 2021 3:41 PM IST