- Home
- /
- महाजन की मध्यस्थता के बाद खत्म हुआ...
महाजन की मध्यस्थता के बाद खत्म हुआ मराठा क्रांति मोर्चा कार्यकर्ताओं का अनशन

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मराठा आरक्षण से जुड़ी मांग पूरी होने की कगार पर है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस मराठा समुदाय की मांग को लेकर सकारात्मक है। मराठा समुदाय की मांगो पर 15 दिन के भीतर निर्णय किया जाएगा। राज्य के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन से मिले इस आश्वासन के बाद बीते 16 दिनों से आजाद मैदान में अनशन पर बैठे सकल मराठा क्रांति महामोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अपना अनशन खत्म कर दिया।
महामोर्चा के समन्वयक प्रोफेसर संभाजी पाटील ने कहा कि यदि सरकार ने मराठा समुदाय को गुमराह कर उनके साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश की गई, और मांगो को पूरा करने के विषय में वादाखिलाफी की गई तो 10 दिन बाद दोबारा आंदोलन दोगुनी तेजी से शुरू होगा। उन्होंने कहा कि हमारी मुख्य मांग है कि महाराष्ट्र बंद के दौरान हमारे संगठन के कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किए गए आपराधिक मामले वापस लिए जाए। मराठा आंदोलन के दौरान बलिदान देनेवाले मराठा समाज के 40 युवाओं के परिजनों को सरकार की ओर से 10 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। इसके अलावा दूसरे आर्थिक महामंडल की तरह अण्णासाहेब पाटील महामंडल को आर्थिक अनुदान प्रदान किया जाए।
गौरतलब है कि मराठा क्रांति महामोर्चा ने अनपी मांगो पूरा करने के लिए सरकार को 25 अक्टूबर तक समय दिया था लेकिन सरकार की ओर से कोई प्रतिसाद न मिलने के चलते महामोर्चा के कार्यकर्ताओं ने दो नवंबर से अनशन की शरुआत की थी। इस बीच मुख्यमंत्री ने घोषणा की थी कि मराठा समुदाय के लोग एक दिसंबर को विजय उत्सव मनाने की तैयारी करे। उनकी मांग पूरी होने की कगार पर है। इसी के तहत शनिवार को जल संसाधान महाजन ने अनशन पर बैठे कार्यककर्ताओं से मुलाकात की।
Created On :   18 Nov 2018 4:09 PM IST