बेटे को पीए दर्शाकर विवादों में घिरीं मेयर, विरोध में युकां ने किया भीख मांगो प्रदर्शन

Mayer Nanda Jichkars foreign visit is in the spotlight, Mayor has traveled abroad by showing the son as PA
बेटे को पीए दर्शाकर विवादों में घिरीं मेयर, विरोध में युकां ने किया भीख मांगो प्रदर्शन
बेटे को पीए दर्शाकर विवादों में घिरीं मेयर, विरोध में युकां ने किया भीख मांगो प्रदर्शन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मेयर नंदा जिचकार का विदेश दौरा इन दिनों सुर्खियों में है। सोशल मीडिया पर मेयर की विदेश यात्रा की जमकर आलोचना हो रही है। खबर आई है कि, मेयर ने पुत्र को पीए अर्थात निजी सचिव दर्शाकर विदेश यात्रा कराई है। लिहाजा इस मामले में महापौर के साथ ही भाजपा की आलोचना की जा रही है। भाजपा की ओर से फिलहाल खुलकर कोई जवाब नहीं दिया जा रहा है। यह अवश्य कहा जा रहा है कि, निजी सचिव के तौर पर पुत्र के नाम का उल्लेख करने को लेकर मेयर से जवाब मांगा जाएगा। फिलहाल मेयर विदेश में ही हैं। विरोध में मामले में युवक कांग्रेस ने भीख मांगो प्रदर्शन किया।

क्या है मामला
अमेरिका के सेनफ्रांसिस्को में 12 से 14 सितंबर तक महापौर परिषद का आयोजन किया गया। ‘तापमान व ऊर्जा विषय’ पर आयोजित इस परिषद में शामिल होने के लिए कैलिफोर्निया के गवर्नर एडमंड ब्राऊन जुनियर ने महापौर नंदा जिचकार को आमंंत्रित किया। लिहाजा महापाैर अपने पुत्र प्रियांश को लेकर अमेरिका गई हैं। उनके दौरे को लेकर खबर आयी कि, उन्होंने पुत्र प्रियांश को निजी सचिव दर्शाया। यह भी बताया गया कि, महापौर जिचकार ने दौरे का आमंत्रण स्वीकारते हुए कैलिफाेर्निया के गवर्नर से निजी सचिव को साथ लाने का निवेदन किया था। उन्हें महापौर परिषद आयोजन करने वाली संस्था ने निजी सचिव को साथ लाने की मंजूरी दे दी। साथ ही निजी सचिव की यात्रा का खर्च भी उस संस्था ने ही वहन करने की जानकारी दी। उसके बाद अमेरिकन काउंसलेट को  वीजा के लिए दिए पत्र में महापौर ने पुत्र के नाम का उल्लेख निजी सचिव के तौर पर किया है। इधर मनपा में जब यह खबर फैली की महापौर पुत्र को निजी सचिव दर्शाकर अमेरिका लेकर गई हैं, तो उन पर सत्ता के दुरुपयोग के आरोप लगने लगे। कहा जाने लगा कि, मनपा की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है, ऐसे में महापौर पुत्र को निजी सचिव दर्शाकर विदेश यात्रा पर मनपा का धन खर्च करा रही हैं। गौरतलब है कि मनपा में महापौर पद को लेकर भाजपा के भीतर भी अंदरुनी राजनीति चल रही है। ऐसे में महापौर के विदेश दौरे व पुत्र का निजी सचिव दर्शाने के मामले को भाजपा के ही कुछ लोग भी अंदरुनी तौर पर हवा दे रहे हैं।

सोशल मीडिया में जमकर आलोचना
महापौर उच्च शिक्षित हैं। लिहाजा सोशल मीडिया पर जमकर आलोचना की जा रही है कि, पढ़े-लिखों का भ्रष्टाचार, पहुंचने लगा है देश के पार। यहां तक कि, महापौर के विदेश दौरे का लेखा-जोखा भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। फरवरी 2017 में मनपा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की थी। 151 में से 108 सीटें जीती थीं। मनपा में महिला नगरसेवकों के लिए 50 प्रतिशत पद आरक्षित हैं। लिहाजा भाजपा में महिला नगरसेवकों की संख्या भी सर्वाधिक है। कई दावेदारों को पछाड़कर नंदा जिचकार का नाम महापौर पद के लिए आगे आया। उनके पति शरद जिचकार आरटीआे अधिकारी हैं। शुरू से ही कहा जाता रहा है कि, महापौर मनपा के आर्थिक सुधार के मामलों की ओर ध्यान नहीं दे रही है। सत्ता पक्ष के केवल कुछ नेता ही निर्णायक की भूमिका में रहते हैं। महापौर तो 11 माह में करीब 11 बार विदेश का दौरा कर चुकी हैं। 2017 में 3 से 5 नवंबर तक वे श्रीलंका दौरे पर थीं। 10 से 14 नवंबर तक जर्मनी की यात्रा पर थीं। 1 से 7 दिसंबर तक वियतनाम दौर पर थीं। इस वर्ष 29 मई से 2 जून तक चीन में थीं। 18 से 27 जून तक कनाडा यात्रा पर थी। फिलहाल कैलिफोर्निया में हैं। 

जवाब मांगेंगे
विदेश यात्रा पर किसी को अपने साथ ले जाने का अधिकार महापौर को है। पुत्र को निजी सचिव दर्शाने के मामले की जानकारी नहीं है। महापौर से इस संबंध में उत्तर मांगा जाएगा। मनपा में आर्थिक दुरुपयोग का मामला नहीं है। 
संदीप जोशी, सत्ता पक्ष नेता

निंदनीय कृत्य
यह सही है कि, महापौर अपने साथ किसे लेकर जाएं, यह तय करने का अधिकार महापौर को ही है, लेकिन पुत्र का पीए दर्शाना निंदनीय है। मनपा व शहर की छवि खराब होगी। महापौर आर्थिक तौर पर सक्षम हैं। वे अपने पुत्र को निजी खर्च पर भी अपने साथ लेकर जा सकती थीं। 
तानाजी वनवे, नेता प्रतिपक्ष 

 

Created On :   17 Sept 2018 3:30 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story