रोहित रामटेके गैंग पर लगा मकोका

डिजिटल डेस्क,नागपुर। अजनी क्षेत्र के चर्चित अपराधी रोहित रामटेके व उसकी गैंग पर पुलिस ने मकोका की कार्रवाई की है। जिन आरोपियों पर यह कार्रवाई की गई उनमें गिरोह का मुखिया रोहित रामटेके, उसके खास साथी चंद्रशेखर कावरे, रितेश उर्फ काल्या गवई, मुकुंद कंगाली, िकसन कुलदीप, गुंजन ढोबले, अखिल वांड्रे और निहाल शंभरकर का समावेश है। राेहित की गैंग अजनी क्षेत्र में तेजी से सक्रिय हो रही थी। इसे देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर एक बार फिर सहायक पुलिस आयुक्त बिराजदार के मार्गदर्शन में रोहित और उसकी गैंग पर मकोका की कार्रवाई की गई।
भगवान नगर में युवक की हत्या का प्रयास : रोहित और उसकी गैंग ने जनवरी माह में भगवान नगर इलाके में एक युवक की हत्या का प्रयास किया था। अजनी पुलिस ने उक्त आरोपियों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। इस प्रकरण में रोहित और चंद्रशेखर फरार हो गए थे। इस गैंग पर मकोका की कार्रवाई से बाबुलखेड़ा, न्यू कैलास नगर और कैकाड़ी नगर क्षेत्र के नागरिकों ने राहत भरी सांस ली है।
रोहित तड़ीपार होने के बाद भी शहर में रहता था
आरोपी रोहित तड़ीपार था। बावजूद वह शहर में रहकर अपनी गैंग के साथ वारदातों को अंजाम दे रहा था। आरोपी चंद्रशेखर को वर्ष 2022 में एमपीडीए की कार्रवाई कर जेल भेजा गया था। जेल से छूटने के बाद चंद्रशेखर ने रोहित व अन्य साथियों के साथ भगवान नगर इलाके के एक युवक की हत्या का प्रयास किया था। आरोपियों में मुकुंद कंगाली को छोड़कर बाकी सभी का आपराधिक रिकॉर्ड देखते हुए पुलिस ने इस गिरोह पर मकोका की कार्रवाई की, जो संगठित होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
किशोरी से किया था सामूहिक दुष्कर्म
रोहित और उसके साथियों ने अजनी क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी को शराब पिलाने के बाद उसे बेलतरोडी क्षेत्र में ग्रीन सिटी के एक फ्लैट में ले जाकर उसे इंजेक्शन देकर सामूहिक दुष्कर्म किया था। रोहित पर इसके पहले भी धंतोली थाने में सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज हो चुका है। वह संतोष सरे हत्याकांड में भी आरोपी था। रोहित की गैंग की आपराधिक गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए वर्ष 2013 में मकोका लगाया गया था। उस समय पुलिस ने रोहित, चंद्रशेखर कावले उर्फ चंद्रया, आकाश इंगले और सौरभ अडलग के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इन आरोपियों ने किशोरी से रातभर सामूहिक दुष्कर्म किया था। दूसरे दिन सुबह किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर अजनी परिसर में छोड़ दिया था। कुछ दिन बाद जब किशोरी ने मां को घटना के बारे में बताया, तब अजनी पुलिस ने चारों आरोपियों पर सामूहिक दुुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।
Created On :   19 March 2023 12:09 PM IST