नागपुर में हफ्ता मांगता था वह नेता, पुलिस ने दबोचा

Medical College Latur intern Dr. Rahul Pawar has died due to corona and mucor mycosis.
नागपुर में हफ्ता मांगता था वह नेता, पुलिस ने दबोचा
नागपुर में हफ्ता मांगता था वह नेता, पुलिस ने दबोचा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामठी के भू-माफिया रंजीत सफेलकर के बैंक खाते से लाखों रुपए महल के राजघराने के सदस्यों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने व राजघराने के  एक सदस्य की रंजीत के साथ वाली तस्वीर को अखबार में न छापने के बदले में राजघराने के ‘उस’ सदस्य से लाखों रुपए का हफ्ता मांगा गया। हफ्ता मांगने के आरोप में कांग्रेस नेता आरोपी त्रिशरण उर्फ बंडू शंकरराव सहारे (50), सदोदय पैलेस, कामठी रोड, गड्डीगोदाम निवासी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी दो लाख रुपए मांग रहा था। 30 मई को आरोपी सहारे को 1 लाख रुपए का हफ्ता लेते हुए सेंट्रल एवेन्यू रोड पर अपराध शाखा पुलिस विभाग के हफ्ता वसूली विरोधी दस्ते ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। 

पदाधिकारियों में मचा हड़कंप
आरोपी सहारे की गिरफतारी के बाद इंटक के  पदाधिकारियों के बीच हड़कंप मच गया।  आरोपी सहारे विदर्भ वैद्यकीय महाविद्यालय व आरोग्य सेवा कर्मचारी संगठन का कार्यकारी अध्यक्ष भी है। 

यह है मामला 
पुलिस सूत्रों के अनुसार कुख्यात रंजीत सफेलकर को कुछ दिनों पहले अपराध शाखा पुलिस ने  गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी रंजीत सफेलकर से जुड़े मामले की गहन जांच-पड़ताल की। इस दौरान रंजीत सफेलकर के बैंक खातों की जांच की। उसके खातों की जांच में पुलिस को पता चला कि, करीब 4 वर्ष पहले उसकी उमरेड रोड पर टेमसना गांव के पास 15 एकड़ खेती की रकम सफेलकर के बैंक खाते से राजघराने के सदस्यों के बैंक खाते में ट्रांसफर की गई है। 


रंजीत के साथ वाली तस्वीर का दे रहा था हवाला
यह खबर अखबार में प्रकाशित होने के बाद सहारे राजघराने के एक सदस्य को रंजीत के साथ वाली तस्वीर को लेकर ब्लैकमेल करने लगा था। उसकी ब्लैकमेलिंग से परेशान राजघराने के सदस्य ने इस मामले की शिकायत पुलिस आयुक्त से की। अपराध शाखा पुलिस ने मामले की छानबीन की, तो पता चला कि बंडू सहारे नामक व्यक्ति  ने राजघराने के एक सदस्य से संपर्क किया था और उसे तब से ब्लैकमेल कर रहा था। 

2 लाख रुपए मांगे
उसने राजघराने के सदस्य से कहा कि, रंजीत और तुम्हारी फोटो पत्रकारों के पास है। पत्रकारों को सेट नहीं करने पर वह इस तस्वीर को अखबारों में छापेंगे। इससे तुम्हारी बदनामी होगी। यह खबर न छपे इसके बदले में सहारे ने 2 लाख रुपए का हफ्ता मांगा। 

रुपए लेने मेयो चौक में बुलाया 
पुलिस आयुक्त अमितेश कुमार के आदेश पर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुनील फुलारी, उपायुक्त गजानन राजमाने  के मार्गदर्शन में हफ्ता वसूली विरोधी दस्ते के निरीक्षक  विशाल काले ने सहयोगियों के साथ कार्रवाई की तैयारी की। सहारे को पैसे देने के लिए मेयो अस्पताल चौक में बुलाया। राजघराने से जुड़े सदस्य ने ‘एक लाख रुपए दिए और बाकी 1 लाख रुपए बाद में देने की बात कही। जैसे ही सहारे ने रुपए लिए, पुलिस ने उसे दबोच लिया। 

3 जून तक पुलिस रिमांड पर 
आरोपी बंडू सहारे के खिलाफ तहसील थाने में हफ्ता वसूली का मामला दर्ज किया गया। आरोपी सहारे को न्यायालय में पेश िकया गया। पुलिस ने आरोपी सहारे को 3 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी सहारे से 1 लाख रुपए नकद, सोने की चेन, अंगूठी व दो अलग-अलग  अखबारों के परिचय पत्र और  विविध संगठनों के पहचान पत्र जब्त किए गए हैं।  


 

Created On :   1 Jun 2021 8:39 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story