- Home
- /
- मानसिक रोगी बेटे ने मां के सिर पर...
मानसिक रोगी बेटे ने मां के सिर पर दे मारा सिलेंडर, मौके पर मौत

डिजिटल डेस्क, पुणे। मामूली झगड़े के चलते गुस्साए मनोरोगी बेटे ने अपनी मां के सिर पर गैस सिलेंडर मारकर उसकी हत्या कर दी। यह वारदात मंगलवार की रात मावल तहसील स्थित मालवाड़ी इलाके में हुई। पुलिस ने बताया कि मीना बालासाहब दाभाड़े (55) की हत्या कर दी गई है। उसकी हत्या के आरोप में उसके बेटे राम बालासाहब दाभाड़े पर तलेगांव एमआईडीसी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। उसके खिलाफ चाचा शांताराम सिताराम दाभाड़े ने शिकायत दर्ज कराई। दाभाड़े परिवार शितला देवी मंदिर के पास रहता है। राम को मानसिक बीमारी है।
उसका येरवड़ा स्थित मनोरूग्णालय में इलाज जारी है। आठ दिन पहले ही उसे अस्पताल से घर छोड़ा गया था। मंगलवार रात करीब सवा ग्यारह बजे उसका मां के साथ मामूली वजह के चलते झगड़ा हो गया। मां पर गुस्सा राम ने उनके सिर पर सिलेंडर मारा, जिसमें गंभीर रूप से घायल महिला की मौत हो गईं। झगड़े की आवाज सुनने पर राम का चचेरा भाई आया। तब राम ने उसके साथ भी गालिगलौज की। घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दे दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर मीना का शव पेास्टमार्टम के लिए भेज दिया।
झुग्गी झोपड़ियों में लगी भीषण आग
दूसरे मामले में पिंपरी के वाघेरे कॉलोनी स्थित मजदूरों की झुग्गी झोपड़ियों में भीषण आग लगी। जिसमें छह झोपड़ियां जलकर खाक हो गई। यह घटना बुधवार की दोपहर करीब एक बजे हुई। सौभाग्यवश इसमें कोई भी घायल नहीं हुआ। यहां खुली जगह पर कामगारों के कई परिवार झुग्गी झोपड़ियों में रहते हैं। मजदूर कर्नाटक से काम के लिए यहां आए हुए हैं। बुधवार दोपहर एक झोपड़ी में धुआं उठ रहा था। वहां महिलाओं ने जाकर देखा, तो झोपड़ी में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया था। महिलाओं ने पानी से आग बुझानी की कोशिश की। लेकिन कुछ ही समय में आग ने और छह झोपड़ियों को चपेट में लिया। घटना की जानकारी तत्काल दमकल विभाग को दे दी गई। मिली जानकारी के अनुसार दमकल विभाग के जवान घटनास्थल पहुंच गए और उन्होंने आग पर काबू पा लिया।
Created On :   28 Feb 2018 10:56 PM IST