- Home
- /
- आधी रात सुनसान सड़क गप्पे मारना...
आधी रात सुनसान सड़क गप्पे मारना महंगा पड़ा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। लॉ कॉलेज चौक के पास सुनसान सड़क पर आधी रात में कार के दरवाजे खोलकर गप्पे लड़ा रहे 4 युवक और 2 युवती को पुलिस ने खूब फटकारा। इसके बाद सभी को मेडिकल कॉलेज जांच के लिए भेजा गया। इनकी कार से कुछ पेय पदार्थ की बोतलें बरामद हुई थीं। साथ ही, उनके मुंह से बदबू भी आ रही थी। कुल मिलाकर वह नशे में दिख रहे थे। पुलिस वहां पहुंचती इससे पहले वहां से एक अन्य कार तेज रफ्तार से आगे बढ़ गई थी।
यह है मामला
रात के वक्त पुलिस उपायुक्त विनीता साहू गश्त पर थीं। इस दौरान लॉ कॉलेज चौक के पास 2 कारें दिखीं। कार सड़क पर खड़ी कर कुछ युवक-युवतियां बात करते दिखे। पुलिस को लगा कि उनकी कारें खराब हो गई हैं। पुलिस जब उनके करीब पहुंची, तब एक कार में सवार होकर दो लोग वहां से गायब हो गए। पुलिस ने एक कार को रोका। पुलिस ने इतनी रात को खड़े रहने का कारण पूछा तो उन लोगों ने खाना खाने जाने की बात कही। पुलिस उपायुक्त विनीता साहू ने इस बारे में अंबाझरी पुलिस काे सूचना दी। फिर इनलोगों को थाने ले जाया गया। इसमें से कुछ चंद्रपुर तो कुछ भंडारा के निवासी थे। उनमें से कुछ नौकरी करते हैं तो कुछ पढ़ाई कर रहे हैं। अंबाझरी पुलिस ने कोविड नियमों की अनदेखी के खिलाफ भी कार्रवाई की।
पार्टी करने से पुलिस को कोई एतराज नहीं
पुलिस को किसी की पार्टी एन्जाय करने से कोई एतराज नहीं है। लेकिन इस तरह से आधी रात में किसी सुनसान जगह पर खड़े रहना ठीक नहीं है। किसी तरह की घटना या अनहोनी पर किसे जिम्मेदार माना जाएगा। पुलिस का शक तब ज्यादा गहरा हो गया, जब एक कार पुलिस के करीब पहुंचते ही फुटाला तालाब की ओर फर्राटे से निकल गई। देर रात तक इस तरह घूमनेवाली युवतियों को भी अपनी हिफाजत को लेकर फिक्रमंद रहना चाहिए। माता- पिता को भी अपने बच्चों के बारे में जानकारी रखनी चाहिए। -विनीता साहू, उपायुक्त, पुलिस परिमंडल 2, नागपुर शहर
Created On :   11 Feb 2021 12:38 PM IST