- Home
- /
- बेहद मिलनसार थे मिल्खा, परिवार के...
बेहद मिलनसार थे मिल्खा, परिवार के सदस्य की तरह प्यार मिला
डिजिटल डेस्क, नागपुर। महान एथलिट मिल्खा सिंह के निधन की खबर से संपूर्ण खेल जगत में शोक छाया हुआ है। उनके चाहने वालों के जेहन में उनसे जुड़ी यादें ताजा हो गई। सूर्य नगर में रहने वाले बिजनेसमैन और आरटीआई एक्टिविस्ट परमजीत सिंह कलसी ने बताया कि फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह से उनकी मुलाकात मुंबई के डोमेस्टिक हवाई अड्डे पर हुई थी। 26 अगस्त साल 2014 को अचानक हुई मुलाकात आज भी जेहन में तरोताजा है। कलसी अपने दोस्तों के साथ गोवा जा रहे थे, तभी उनकी नजर एथलेटिक्स में भारत का परचम लहराने वाले मिल्खा सिंह पर पड़ी, कलसी बिना समय गंवाए अपने दोस्त राजेन्दर शर्मा के साथ मिल्खा की ओर बढ़े, उन्होंने मिल्खा को सतश्रीअकाल कहा और अपना परिचय दिया, साथ ही मिल्खा सिंह के साथ एक फोटो खिंचवाने की गुजारिश की, तभी मिल्खा ने कलसी का हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा और किसी पारिवारिक सदस्य की तरह फोटो खिंचवाई।
बतौर प्रशंसक कलसी ने जब मिल्खा से पूछा कि उनकी सेहत का क्या राज है, तो मिल्खा ने कहा वे आज भी दौड़ लगाते हैं, कसरत करते हैं, मिल्खा ने कहा कि हमेशा खुश रहें एक्सरसाइज करें और जीवन में किसी भी काम को लक्ष्य बनाकर पूरा करें, इससे सफलता मिलेगी। कलसी ने कहा कि मिल्खा सिंह महान स्पोर्ट्स मैन होने के साथ ही बेहतरीन इंसान थे। उनसे बात करने पर ऐसा लग, जैसे हम अपने ही परिवार के किसी बड़े सदस्य से बात कर रहे हैं। वो हमे सदियों तक याद रहेंगे। उनका जाना दुखद है।
Created On :   19 Jun 2021 12:30 PM GMT