- Home
- /
- वेणा नदी पर मिला लापता युवक का शव,...
वेणा नदी पर मिला लापता युवक का शव, हत्या का संदेह

डिजिटल डेस्क, नागपुर। गुमगांव परिसर में एक 30 वर्षीय युवक का शव मिला। मृतक सुखदेव देवाजी वरखड़े (30) नवीन गुमगांव निवासी है। सुखदेव का गला घोंटकर हत्या किए जाने का संदेह पुलिस जता रही है। यह दो दिन से लापता था। शव वेणा नदी पर पंप हाउस के पास लोहे की सीढ़ियों के नीचे मिला। इस मामले में कुछ युवकों को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए थाने में बुलाया गया है। हिंगना के थानेदार सरीन दुर्गे ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि फिलहाल इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद ही इस मामले में कुछ कहा जा सकता है। हालांकि पुलिस यही मान रही है कि उसकी संभवत: गला घोंटकर हत्या की गई है।
मछली पकड़ने गया था
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सुखदेव वरखडे गत 26 जुलाई को घर से मछली पकड़ने जाने की बात कहकर निकला था। वह मकान बनाने का काम करता था। वह घर से बाहर जाने के बाद जब घर पर शाम को नहीं लौटा तो उसके भाई ने अपने स्तर पर उसकी खोजबीन शुरू की। बुधवार को सुखदेव का भाई जब वागधरा-गुमगांव में वेणा नदी पर बने जलापूर्ति योजना के पंप हाउस के पास पहुंचा तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। सुखदेव का शव पंप हाउस के पास लोहे की सीढ़ियों के नीचे पड़ा था। घटना के बारे में उसने पुलिस को सूचना दी।
प्रेम प्रकरण के चलते हत्या का संदेह
हिंगना पुलिस ने बताया कि सुखदेव का किसी युवती से प्रेम संबंध था। उस युवती की गत िदनों सगाई हो गई। सगाई होने के दूसरे दिन ही सुखदेव मछली पकड़ने के लिए घर से बाहर निकला। चर्चा है कि युवती की सगाई होने से चार-पांच दिन पहले सुखदेव का उसके भाई के साथ जमकर अनबन हुई थी। इस दिशा से भी पुलिस छानबीन कर रही है।
शरीर का वजन ज्यादा होने से फट गया दुपट्टा
हिंगना थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। सुखदेव का शव लोहे की जिस सीढ़ी के नीचे पड़ा मिला। उस सीढ़ी के एंगल में दुपट्टा भी बंधा हुआ मिला। पुलिस अनुमान लगा रही है कि उसके शरीर के वजन के कारण दुपट्टा फट गया, जिससे उसका शव नीचे गिर पड़ा। शव नदी के अंदर गिरा होता तो पानी में बह जाता था तब पता चल पाना मुश्किल हो जाता। पुलिस का कहना है कि कदाचित सुखदेव की गला घोंटकर हत्या करने के बाद आरोपियों ने उसके शव को पंप हाउस के पास लगी लोहे की सीढ़ियों के एंगल में बांध दिया होगा। लेकिन उसका शव नीचे गिर पड़ा। उसके शव को इस कदर लटकाया गया था, ताकि आत्महत्या का मामला लगे। घटनास्थल पर फाॅरेंसिक जांच टीम को भी बुलाया गया। पुलिस उपायुक्त नुरुल हसन, सहायक पुलिस आयुक्त परशुराम कार्यकर्ते, हिंगना के थानेदार सरीन दुर्गे घटनास्थल पर पहुंचे थे। शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया गया। हिंगना पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
Created On :   29 July 2021 1:00 PM IST