- Home
- /
- मिथुन चक्रवर्ती के बेटे के खिलाफ...
मिथुन चक्रवर्ती के बेटे के खिलाफ दुष्कर्म की शिकायत, योगिता बाली भी आरोपी
डिजिटल डेस्क, मुंबई। अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती के बेटे महाक्षय चक्रवर्ती के खिलाफ एक 38 वर्षीय महिला ने शादी का झांसा देकर बलात्कार और जबरन गर्भपात कराने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। मिथुन की पत्नी योगिता बाली को भी मामले में आरोपी बनाया गया है। आरोप लगाने वाली महिला एक्ट्रेस और मॉडल है। कोर्ट के आदेश पर मुंबई के ओशिवरा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।
शिकायत में अभिनेत्री ने कहा है कि उसके साल 2015 से 2018 के बीच महाक्षय के साथ प्रेम संबंध थे। इसी दौरान महाक्षय ने उसे अपने अंधेरी के आदर्शनगर इलाके में स्थित फ्लैट में बुलाया और धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी महाक्षय ने शादी का वादा कर लगातार चार साल शारीरिक संबंध बनाने का सिलसिला जारी रखा। इसी बीच जब शिकायतकर्ता गर्भवती हुई तो महाक्षय ने उससे गर्भपात कराने को कहा। महिला का दावा है कि इसके बाद उसे धोखे से गर्भपात की दवा खिला दी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि योगिता बाली ने भी उसे डराया धमकाया और मामला रफा दफा करने का दबाव बनाया। महिला ने 2018 में दिल्ली की अदालत का दरवाजा खटखटाया। पहले अदालत ने दिल्ली में मामला दर्ज करने का आदेश दिया लेकिन बाद में इसे मुंबई स्थानातरित कर दिया क्योंकि बलात्कार की कथित वारदातें मुंबई में हुईं थीं। ओशिवारा पुलिस ने महाक्षय और योगिता बाली के खिलाफ बलात्कार, चोट पहुंचाने, जबरन गर्भपात, धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
Created On :   17 Oct 2020 12:18 PM GMT