- Home
- /
- मनरेगा मजदूर जमा करेंगे किसानों के...
मनरेगा मजदूर जमा करेंगे किसानों के लिए 1-1 रुपए, किसानों को मदद करने बढ़ाया हाथ

भरत घासले , गोंदिया। प्राकृतिक आपदा झेल रहे किसानों को मदद करने जिले के मजदूरों ने अपने हाथ बढ़ाए हैं। ये मजदूर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत काम करने वाले हैं। योजना के तहत काम कर रहे जिले के 1 लाख मजदूर प्रति एक रुपए जमा कर राज्य के आत्महत्याग्रस्त किसानों के परिवारों को आर्थिक मदद कर उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य करेंगे। इस संकल्प से राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी मजदूरों की प्रशंसा की है।
जिला प्रशासन ने निकाली तरकीब
मनरेगा के तहत लाखों मजदूर परिवारों को जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। गत वर्ष राज्य में गोंदिया जिले ने सबसे अधिक मजदूरों को काम उपलब्ध कराने में प्रथम स्थान हासिल किया था। ग्राम में काम मिलने से कुछ हद तक मजदूरों का पलायन रुक गया था। उनकी आर्थिक परिस्थिति में भी सुधार नजर आया है। जबकि प्राकृतिक आपदा के चलते किसान कर्ज से तंग आकर आत्महत्या कर रहे हैं। जिससे उनका परिवार आर्थिक परेशानी में आ जाता है। ऐसे परिवारों को आर्थिक मदद किस तरह से की जाए? इसके लिए जिला प्रशासन ने एक नई तरकीब ढूंढ निकाली है।
प्रत्येक मजदूर से जमा किया जाएगा 1-1 रुपया
मनरेगा के हर मजदूर से एक रुपए संकलित किया जाएगा। जिसे मजदूरों ने स्वीकार किया और संकल्प लिया गया कि जिले के तकरीबन 1 लाख मजदूर 1-1 रुपए जमा कर मुख्यमंत्री राहत कोष में देंगे। जिससे राज्य के आत्महत्याग्रस्त किसान परिवारों को आर्थिक मदद तो मिलेगी ही और उनका मनोबल भी बढ़ाने में सहायता मिलेगी। मजदूरों के सराहनीय पहल की राज्य के मुख्यमंत्री फडणवीस ने प्रशंसा की है। यह पहल देश के सभी राज्यों के लिए नई प्रेरणा बनेगी। बता दें कि गत वर्ष अत्यल्प बारिश से जिले में किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। सिंचाई के लिए पानी न मिलने से किसानों की खड़ी फसल बर्बाद हो गई । ऐसे में मजदूरी की तरफ से बढ़ाया गया हाथ मददगार साबित होगा।
Created On :   19 Feb 2018 2:46 PM IST