भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के पुणे दौरे का विरोध नहीं करेगी मनसे 

MNS will not oppose BJP MP Brij Bhushan Singhs visit to Pune
भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के पुणे दौरे का विरोध नहीं करेगी मनसे 
पार्टी के नेता नांदगावकर ने किया स्पष्ट भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह के पुणे दौरे का विरोध नहीं करेगी मनसे 

डिजिटल डेस्क , मुंबई। मनसे उत्तर प्रदेश के कैसरगंज सीट से भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के 15 जनवरी के पुणे दौरे का विरोध नहीं करेगी। भाजपा सांसद सिंह के विरोध के चलते ही मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे को बीते 5 जून को अयोध्या दौरा रद्द करना पड़ा था। मगर मनसे ने सिंह के खिलाफ आक्रामक होने के बजाय नरम रुख अख्तियार किया है। शनिवार को मनसे के नेता बाला नांदगावकर ने कहा कि पार्टी की ओर से सिंह के पुणे दौरे का विरोध नहीं किया जाएगा। महाराष्ट्र की संस्कृति और परंपरा अतिथि देवो भव की रही है। इसलिए सिंह के दौरे का विरोध करने का कोई कारण नहीं है। उन्होंने कहा कि मनसे अध्यक्ष राज ने भी पार्टी के लोगों को सिंह के दौरे पर बयान न देने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। फिर भी सिंह के मन में राज की उत्तर भारतीयों के बारे में भूमिका को लेकर कोई आशंका होगी तो वे राज से मुलाकात करने के लिए आ सकते हैं।

 नांदगावकर ने कहा कि मनसे की तरफ से सिंह को निमंत्रण नहीं दिया जाएगा मगर यदि सिंह राज से मिलने के लिए आना चाहते होंगे तो वे उनसे मुलाकात के लिए आ सकते हैं। नांदगावकर ने कहा कि राज भी अयोध्या के दौरे पर जाएंगे लेकिन उनके दौरे को लेकर अभी कोई तारीख तय नहीं हुई है। इसके पहले बीते मई महीने में सांसद सिंह ने उत्तर भारतीयों से हुए मारपीट की घटनाओं को लेकर राज के उत्तर प्रदेश के अयोध्या दौरे का विरोध किया था। जिस कारण राज को बीते 5 जून को प्रस्तावित अयोध्या दौरे को रद्द करना पड़ा था। इसके चलते समझा जा रहा था कि महाराष्ट्र केसरी कुस्ती प्रतियोगिता के पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए 15 जनवरी को पुणे में आ रहे सांसद सिंह का मनसे विरोध करेगी। मगर राज ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को विरोध न करने के आदेश दिया है। सूत्रों के अनुसार मनसे आगामी मुंबई मनपा सहित अन्य नगर निकायों के चुनावों को देखते हुए ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहती है जिससे कि मुंबई और आसपास के शहरों में रहने वाले उत्तर भारतीयों में मनसे को लेकर नाराजगी फैले जाए।  

राज के खिलाफ मुकदमा वापस लेंगे वकील पांडे 
राज ठाकरे के भड़काऊ भाषणों के चलते मनसे की मान्यता खत्म करने को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल करने वाले वकील मिथिलेश कुमार पांडे अब मुकदमा वापस लेंगे। शनिवार को वकील पांडे ने राज से दादर स्थित आवास शिवतीर्थ पर मुलाकात की। पत्रकारों से बातचीत में वकील पांडे ने कहा कि मैंने राज के भड़काऊ भाषणों सहित अन्य घटनाओं को लेकर कई मुकदमें दर्ज कराए थे। दिल्ली हाईकोर्ट में 12 दिसंबर को एक मामले की सुनवाई होने वाली है। मैंने मनसे के मामले में होने वाली सुनवाई में अपना मुकदमा वापस लूंगा। क्योंकि मैं राज से मिलने के बाद इस नतीजे पर पहुंचा हूं कि राज उत्तर भारतीयों के खिलाफ नहीं है। उनके मन में उत्तर भारतीयों के खिलाफ भावना नहीं है। 

Created On :   10 Dec 2022 7:05 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story