- Home
- /
- मोबाइल एप बताएगा लॉकडाउन में फंसे...
मोबाइल एप बताएगा लॉकडाउन में फंसे जरुरतमंदों का पता-जानिए क्या-क्या है खूबियां

डिजिटल डेस्क, मुंबई। लॉकडाउन में फंसे गरीब जहां मदद की आस लगाए बैठे है वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो चाह कर भी लोगों की मदद नहीं कर पा रहे हैं इसी कड़ी को जोड़ने की कोशिश की है मुंबई के एक इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने। सोमैया विद्याविहार के छात्रों ने एक ऐसा वेब एप तैयार किया है जिसकी मदद से यह जानकारी मिल सकेगी की जरूरतमंदों को किस जगह और किन चीजों की आवश्यकता है। जिससे लोग उनकी मदद कर सकते हैं।
मुंबई के सायन में स्थित के जे सोमैया इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में कंप्यूटर इंजीनियरिंग के तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों इदरीस दरगाहवाला, बुरहानुद्दीन उदयपुरवाला और शिवम भानुशाली ने यह ऐप तैयार किया है। शिवम ने बताया कि लॉकडाउन के बीच दिहाड़ी मजदूरों के काम बंद हो गए हैं। हम लगातार ऐसी खबरें देख रहे थे जहां लोग मदद की गुहार लगा रहे थे। कुछ गैर सरकारी संस्थाओं से जुड़े लोग हमारे संपर्क में रहे जो मदद तो करना चाहते थे लेकिन मदद किन लोगों की और कहां करनी है साथ ही उन्हें किन जीवनावश्यक वस्तुओं की जरुरत है, यह भी पता लगाना मुश्किल था। इसके बाद अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से हमने काम शुरू किया और हेल्प फ्लेयर नाम का वेब ऐप तैयार हो गया। इसका इस्तेमाल बेहद आसान है।
मोबाइल या कंप्यूटर से वेबसाइट पर जाकर मैप के सहारे जगह और जरूरत के सामानों का विवरण दिया जा सकता है। जानकारी देने वाले का नाम और मोबाइल नंबर भी इसमें उपलब्ध कराना पड़ता है। यह विवरण देखकर सहायता देने के इच्छुक लोग समान पहुंचा कर उसकी तस्वीर भी साझा कर सकते हैं जिससे इसकी पुष्टि हो सके। कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ सुरेश उकरांडे ने कहा कि लॉक डाउन तभी सफल होगा जब जरूरतमंदों को उनके ठिकानों पर मदद मिल सकेगी। विद्यार्थियों ने जो किया है वह बेहद सराहनीय है। अधिक से अधिक लोगों की जरूरतों को पूरा करने के लिए ऐप को अंग्रेजी और हिंदी दो भाषाओं में उपलब्ध किया गया है।
Created On :   23 April 2020 7:00 PM IST