- Home
- /
- किसानों को मोबाइल पर हर 10 मिनट में...
किसानों को मोबाइल पर हर 10 मिनट में मिलेगा मौसम का हाल

डिजिटल डेस्क, चंद्रपुर। सरकार ने मोबाइल मौसम केंद्र शुरू करने का निर्णय लिया है। इससे किसानों के साथ नागरिकों को भी मौसम का हर 10 मिनट का हाल पता चलेगा। इसके तहत चंद्रपुर में 50 केंद्र खुल रहे हैं।
जिले की लगभग 89 प्रतिशत खेती असिंचित क्षेत्र में आती है, जो बारिश पर निर्भर है। ऐसे में मौसम का सही आंकलन नहीं होने से किसान हर साल भारी नुकसान का सामना करते हैं। वहीं प्राकृतिक आपदा के बारे में भी पता नहीं चल पाता। इस माह के अंत तक सभी केंद्रों के सुचारू होने की जानकारी जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी कार्यालय के राज वानखेड़े ने दी है।
उन्होंने बताया कि राजस्व मंडल स्तर पर स्वयंचलित मौसम केंद्र के लिए सरकार ने महावेध प्रकल्प शुरू किया है। चंद्रपुर में 15 राजस्व मंडल के केंद्रों का काम पूरा हुआ है। शेष 35 मंडलों का काम इसी माह के अंत तक पूरा होकर केंद्र सुचारू हो जाएंगे। यहां से किसानों को समय-समय पर फसल संबंधी जानकारी दी जाएगी। साथ ही आपदा प्रबंधन के लिहाज से भी ये केंद्र कारगर साबित होंगे। इसमें सही समय के साथ मौसम का हाल जानना भी संभव हो जाएगा।
Created On :   11 July 2017 5:38 PM IST