- Home
- /
- बैंक खाते से निकाली रकम,...
बैंक खाते से निकाली रकम, कर्मचारियों ने चूना लगाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सिमकार्ड बंद होने का झांसा देकर बुजुर्ग के खाते से 74 हजार रुपए निकाल लिए गए। सदर थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। माउंट रोड सदर स्थित उत्कर्ष शिखर अपार्टमेंट निवासी सुरेंद्र कुमार गुरुवारा (87) के मोबाइल पर 7 फरवरी की दोपहर करीब सवा बजे एक एसएमएस आया। इसमें लिखा था कि उनका नंबर बंद होने वाला है। जिस नंबर से एसएमएस आया था, उस नंबर पर सुरेंद्र कुमार ने तत्काल कॉल किया।
उधर से बोलने वाले व्यक्ति ने अपना नाम एसके वर्मा बताया। वर्मा ने स्पष्ट कहा कि आपका नंबर बंद होने वाला है। अगर सिमकार्ड चालू रखना है, तो एक एप डाउनलोड करना होगा। झांसे में आए सुरेंद्र कुमार ने एप डाउनलोड कर लिया। इस दौरान बड़ी ही होशियारी से सुरेेंद्र कुमार के डेबिट कार्ड की जानकारी वर्मा ने प्राप्त कर ली। इसके बाद सुरेंद्र कुमार के खाते से 74 हजार रुपए वर्मा ने अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। मामले को साइबर सेल की मदद से सुलझाने का प्रयास जारी है। फिलहाल सफलता नहीं मिली है।
बिल में हेराफेरी, 7.5 लाख का गबन
क्लीनिक के बिलों में हेराफेरी करके महिला डाॅक्टर को उसके तीन कर्मचारियों ने ही लाखों रुपए का चूना लगाया है। लकड़गंज थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। टेलीफोन एक्सचेंज चौक निवासी डाॅ. रिचा राजकुमार जैन (46) का घर में ही क्लीनिक है। यहां जरीपटका, कुशी नगर निवासी शिशिर हंसपाल (42) और दो अन्य महिलाएं काम करती हैं।
आरोप है कि शिशिर और दोनों महिलाओं ने 1 मार्च 2020 से 16 फरवरी 2021 के बीच क्लीनिक के बिलों में हेराफेरी की। 7 लाख 50 हजार रुपए का गबन किया है। मामला खुला तो डॉ. रिचा ने गबन की हुई रकम वापस मांगी। आरोपियों का टालमटोल रवैया रहा। इसके बाद यह मामला थाने पहुंचा। जांच में गबन की पुष्टि हुई है। सोमवार को प्रकरण दर्ज िकया गया है। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
Created On :   18 Feb 2021 12:50 PM IST