सरकारी विभागों में रिक्त हैं दो लाख से अधिक पद

More than two lakh posts are vacant in government departments
सरकारी विभागों में रिक्त हैं दो लाख से अधिक पद
सरकारी विभागों में रिक्त हैं दो लाख से अधिक पद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। एक ओर राज्य में बेरोजगारों की फौज बढ़ती जा रही है दूसरी ओर सरकारी कार्यालयों में दो लाख से ज्यादा पद रिक्त पड़े हुए हैं लेकिन इन पर भर्ती नहीं हो रही है। खाली पदों में से 1 लाख 41 हजार 329 की भर्ती सरलसेवा के जरिए की जानी है जबकि 58 हजार 864 पदों को पदोन्नति के जरिए भरा जाना है।  प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दिन रात एक कर पढ़ाई कर रहे युवा भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अभी सरकार की ओर से कोई हलचल दिखाई नहीं दे रही है। पिछले कुछ सालों से रिक्त पदों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है और सरकार ठेके पर नियुक्तियों के जरिए अपना काम चला रही है। आरटीआई कार्यकर्ता सुरेश गज्जलवार ने राज्य में वर्ग एक से वर्ग चार तक रिक्त पदों की जानकारी मांगी थी। जवाब में सामान्य प्रशासन विभाग ने जो जवाब दिया है, उसके मुताबिक 31 दिसंबर 2019 तक विभिन्न विभागों से मिली जानकारी से पता चलता है कि सरकारी कार्यालयों वजिला परिषदों में दो लाख से ज्यादा पद खाली हैं। 

सामान्य प्रशासन विभाग को कुछ विभागों के आंकड़े नहीं मिल पाए हैं, इसलिए रिक्त पदों की संख्या और ज्यादा हो सकती है। आंकड़ों के मुताबिक सरकारी कार्यालयों और जिला परिषदों में 10 लाख 99 हजार 104 मंजूर पद हैं जिनमें से 7 लाख 80 हजार 523 पदों को सरल सेवा जबकि 3 लाख 18 हजार 581 पदों को पदोन्नति से भरा जाता है। इनमें से 8 लाख 98 हजार 911 पद भरे हैं जबकि 2 लाख 193 पद रिक्त हैं। रिक्त पदों में से 1 लाख 53 हजार 231 राज्य के सरकारी कार्यालयों में और जिला परिषदों में 64 हजार 962 पद रिक्त हैं। गज्जलवार के मुताबिक सरकार द्वारा उपलब्ध कराया गया आंकड़ा डेढ़ साल पुराना है इसलिए संभव है कि रिक्त पदों की संख्या अब और ज्यादा होगी।

गृह विभाग में सबसे ज्यादा पद रिक्त
आंकड़ों के मुताबिक गृह विभाग में सबसे ज्यादा 24 हजार 581 पद रिक्त हैं। इसके अलावा सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग में 20 हजार 544 और जलसंसाधन विभाग में 20 हजार  873 पद खाली हैं।
 
सी वर्ग से सबसे ज्यादा पद खाली
वर्ग                खाली पद
ए वर्ग        10 हजार 545
बी वर्ग       20 हजार 999
सी वर्ग      1 लाख 27 हजार 705
डी वर्ग       40 हजार 944 

 

Created On :   7 Jun 2021 6:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story