- Home
- /
- मिट्टी खदान धसकने से मां की मौत,...
मिट्टी खदान धसकने से मां की मौत, बेटी घायल, पुतरयान गांव की घटना

डिजिटल डेस्क, छतरपुर। मिट्टी खोदने के दौरान जहां मां की दर्दनाक मौत हो गई, तो वहीं बेटी गंभीर रूप से घायल है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर मर्ग कायम किया है, तो वहीं 10 वर्षीय मासूम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करया है। लोगों का कहना है कि बमीठा थाना क्षेत्र के पुतरयान गांव में स्थित मिट्टी की खदान अचानक धसकने से खदान में मिट्टी खोद रही महिला और एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची मिट्टी के मलबे में दब गई। मिट्टी खदान में दबने से पुतरयान निवासी 30 वर्षीय महिला हार बाई पति बहादुर पाल की मौत हो गई, जबकि उनकी 10 वर्षीय बेटी द्रोपदी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को महिला और उसकी बेटी गांव से थोड़ी दूर पर स्थित मिट्टी की खदान में घर के लिए मिट्टी लेने के लिए गई थी। मां और बेटी जब खदान में मिट्टी खोद रही थी, उसी समय अचानक खदान का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। जिसकी चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मिट्टी के मलबे में दबी बच्ची को गांव के लोगों ने बचा लिया। बताया जा रहा है कि जिस जगह पर मां बेटी मिट्टी खोद रही थी, उसी के बाजू में गांव का ही एक लड़का अरविंद भी मिट्टी खोद रहा था। उसने जब देखा की मां बेटी मिट्टी के मलबे में दब गईं तो उसने गांव के लोगों को बताया।
उसके बाद गांव के लोग मौके पर पहुंच कर मलबे में दबी मां और बेटी को बचाने के लिए मिट्टी अलग करने लगे। गांव के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी में दबी मासूम बेटी को तो बचा लिया, लेकिन उसकी मां को नहीं बचा पाए। लोगों का कहना है कि इससे पूर्व भी यहां हादसा हो चुका है, लेकिन प्रशासान द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण यहां पर लगातार घटनाएं हो रही हैं। इसकी जानकारी प्रशासन को भी है, लेकिन इसके बाद भी प्रशासन चुप्पी साधे हुए और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।
Created On :   28 Oct 2018 5:00 PM IST