- Home
- /
- विधानसभा में उठा भोपाल गैंगरेप...
विधानसभा में उठा भोपाल गैंगरेप मामला, महिला विधायक ने दिखाई चूड़िया, कार्यवाही स्थगित

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र विधानसभा के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन विपक्ष ने भोपाल गैंगरेप मामला उठाया। गौरतलब है कि बुधवार को प्रश्नकाल से ही कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार से स्थगन प्रस्ताव पर चर्चा कराने की मांग की। विपक्ष के लगातार बढ़ते हंगामे को देख पीठासीन अधिकारी ने चार बार कुछ-कुछ देर के लिए सदन की कार्यवाही स्थगित की। लेकिन जब विपक्ष ने हंगामा बंद नहीं किया तो पांचवी बार दिनभर के लिए कार्यवाही स्थगित की गई।
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर को राजधानी में स्टूडेंट के साथ रेप की शर्मसार घटना सामने आई थी। जिसके बाद से ही सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े हुए थे। अब विधानसभा में विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने का पूरा मन बना चुका है।
कार्यवाही स्थगित करने के पूर्व सदन की कार्यसूची में दिए अधिकांश विषय निपटा दिए गए जिसमें प्रथम पूरक बजट भी पेश किया गया। विपक्ष की एक महिला विधायक ने इस दौरान सत्तापक्ष को चूड़िया भी दिखाईं।
सदन की बुधवार को कार्यवाही 11 बजकर एक मिनट पर प्रारंभ हुई और विपक्ष के निरन्तर हंगामे के कारण मात्र 107 मिनट चलकर 12 बजकर 48 मिनट पर खत्म हो गई। बुधवार सुबह जैसे ही सदन की कार्यवाही प्रारंभ हुई वैसे ही कांग्रेस के रामनिवास रावत ने कहा कि महिलाओं पर हो रहे बलात्कार के संबंध में और 31 अक्टूबर की गैंगरेप की घटना के संबंध में स्थगन दिया था। इस संबंध में कल भी निवेदन किया था और आज से आठ दिन पहले भी स्थगन दिया था। हम चाहते हैं कि सरकार उस पर चर्चा के लिए तैयार हो और चर्चा कराए। अध्यक्ष से अनुरोध है कि प्रदेश के ऐसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर, महिला सुरक्षा पर आप चर्चा कराएं। रोज इस प्रदेश में 14 महिलाअबों के साथ बलात्कार हो रहा है, आठ अव्यस्क महिलाओं के साथ रेप हो रहा है।
नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि बच्चियों का सवाल है, ऐसे मुद्दे पर सदन में चर्चा न हो तो हम लोग क्यों यहां पर आए हैं। क्या कुर्सी गर्म करने के लिए आए हैं। विपक्ष के निरन्तर हंगामे और चार बार सदन की कार्यवाही कुछ देर के लिए स्थगित करने के दौरान महिला विधायक चन्दा सुरेन्द्र सिंह गौर ने सत्तापक्ष के सदस्यों को चूडिय़ां भी दिखाईं। हंगामे के दौरान पीठासीन अधिकारी ने प्रश्नकाल के दो दो प्रश्न लिए तथा कार्यसूची में दिए सभी विषय निपटाने के बाद सदन की कार्यवही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।
155 अरब का पूरक बजट पेश
राज्य विधानसभा में बुधवार को वित्त मंत्री जयंत मलैया ने विपक्ष के शोरगुल के बीच 155 अरब 56 करोड़ 89 लाख 2 हजार 399 रुपयों का पहला पूरक बजट पेश किया। इसमें त्रित्रीय पंचायतीराज संस्थाओं को वित्तीय सहायता हेतु सर्वाधिक 51 अरब 63 करोड़ 69 लाख 4 हजार रुपयों का बजट प्रावधान किया गया है जबकि कृषि विभाग के लिए बजट प्रावधान 40 अरब एक सौ रुपयों का रखा गया है। प्राकृतिक आपदाओं हेतु 13 अरब रुपयों का प्रावधान किया गया है।
नेता प्रतिपक्ष को मिलेगा नया वाहन
पूरक बजट में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह के लिए नवीन वाहन क्रय करने के लिए राज्य विधान मंडल के अंतर्गत 21 लाख रुपयों का नया प्रावधान किया गया है।
शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु दस करोड़
योजना विभाग के अंतर्गत आदि शंकराचार्य की प्रतिमा हेतु धातु संग्रहण एवं जनजागरण अभियान के लिए एकात्म यात्रा निकालने के लिए 10 करोड़ 47 लाख 67 हजार रुपए की व्यवस्था की गई है।
Created On :   29 Nov 2017 5:54 PM IST