- Home
- /
- MP उपचुनाव : मुंगावली में 77.05 और...
MP उपचुनाव : मुंगावली में 77.05 और कोलारस में 75% मतदान

डिजिटल डेस्क, कोलारस/मुंगावली। मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों मुंगावली और कोलारस पर उपचुनाव के लिए शनिवार को हुई वोटिंग खत्म हो गई है। मतदान के साथ ही यहां उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। शनिवार को वोटिंग समाप्ति के दौरान मुंगावली में 77.05 और कोलारस में करीब 75 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई।
बता दें कि शनिवार को हुए इन दोनों तहसीलों पर वोटिंग के लिए चुनाव आयोग भी पूरी तरह से मुस्तैद रहा है। कोलारस और मुंगावली के 30-30 केंद्रों पर वोटिंग हुई थी। जिस पर चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारियों की पैनी नजर रही। चुनाव आयोग के मुताबिक 575 मतदान केंद्रों में से 333 केंद्रों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया था। सुरक्षा के लिहाज से 24 सशस्त्र बल की कंपनियां तैनात की गई। वहीं चुनाव की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
इन उपचुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर होने के कारण दोनों ही पार्टियों ने यहां प्रचार के दौरान पूरी ताकत झोंक दी थी। राजनीति का अखाड़ा बन चुके कोलारस और मुंगावली उपचुनाव में जहां सत्तापक्ष भाजपा के लिए सीएम शिवराज सिंह और उनके मंत्री स्टार प्रचारक थे, वहीं कांग्रेस की ओर से दोनों जगह सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कमान संभाल रखी थी।
दोनों सीटों का हाल
कोलारस सीट कांग्रेस के विधायक रामसिंह यादव के निधन के कारण खाली हुई थी। मुख्य मुकाबला रामसिंह यादव के पुत्र महेंद्र यादव कांग्रेस और भाजपा के देवेंद्र जैन के बीच ही है। वहीं मुंगावली में विधायक देशराज सिंह यादव की मौत के बाद खाली हुई सीट पर भाजपा ने देशराज सिंह की पत्नी बाई साहब यादव को उतारा है, वहीं कांग्रेस की ओर से बृजेंद्र सिंह उम्मीदवार हैं।
सिंधिया का संसदीय क्षेत्र
कोलारस और मुंगावली विधानसभा सीटें कांग्रेस के सीनियर लीडर ज्योतिरादित्य सिंधिया के संसदीय क्षेत्र से आती हैं। यहां से सिंधिया 2002 से ही सांसद हैं, लिहाजा इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस का अच्छा-खासा दबदबा रहा है। पिछले विधानसभा चुनावों में भी मोदी लहर के बावजूद इन दोनों ही सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की थी।
सीएम शिवराज की साख
वहीं शिवराज सिंह चौहान मध्य प्रदेश में पिछले तीन बार से मुख्यमंत्री रहे हैं। हाल ही में हुए चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी को मिली हार ने शिवराज की छवि को नुकसान पहुंचाया है। इसीलिए कोलारस और मुंगावली दोनों ही सीटें बीजेपी के लिए साख का सवाल बना हुआ है। खुद सीएम चौहान समेत बीजेपी के सीनियर लीडर इन दोनों ही जगहों पर बड़ी-बड़ी रैलियां कर रहे हैं और वोटरों को रिझाने की कोशिश कर रहे हैं।
Created On :   24 Feb 2018 8:04 PM IST