गांव के नाम में लगा हुआ था छक्का, सरकार ने हटाया

MP Government removed chakka word from the name of a village
गांव के नाम में लगा हुआ था छक्का, सरकार ने हटाया
गांव के नाम में लगा हुआ था छक्का, सरकार ने हटाया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश की शिवराज सरकार ने एक गांव के नाम के अंत में लगे ‘छक्का’ शब्द को हटा दिया है और इसके स्थान पर ‘सरकार’ शब्द कर दिया है। इसके लिये राजस्व विभाग ने बाकायदा नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया है। दिलचस्प बात तो यह है कि इस गांव का नाम बदलकर नया नामकरण करने की भारत सरकार ने भी स्वीकृति प्रदान की है। अंग्रेजी शासनकाल से यह असम्मानजनक नाम चला आ रहा था।

राज्य के सागर संभाग के अंतर्गत पन्ना जिले की शाहनगर तहसील में दो गांवों के नाम सम्मानजनक नहीं थे। इनमें एक गांव का नाम महगवां छक्का था तथा दूसरे गांव का नाम महगवां तिलिया। इन दोनों गांवों के नाम सम्मानजनक करने के लिये दो साल पहले राज्य सरकार ने भारत सरकार के गृह मंत्रालय को प्रस्ताव भेजा था। इसमें गांव ‘महगवां छक्का’ का नाम बदलकर ‘महगवां सरकार’ तथा गांव ‘महगवां तिलिया’ का नाम परिवर्तित कर ‘महगवां घाट’ प्रस्तावित किया गया। दरअसल किसी स्थान का पहले से चला आ रहा नाम बदलने के लिये भारत सरकार से अनुमति लेना होती है क्योंकि सरकारी रिकार्ड में इनका नाम दर्ज रहता है तथा पत्र-व्यवहार आदि भी सरकारी रिकार्ड में दर्ज नाम के अनुसार होता है।

राज्य सरकार के इस प्रस्ताव पर भारत सरकार के गृह मंत्रालय ने 7 सितम्बर, 2017 को अपनी अनापत्ति प्रदान की, जिस पर अब राज्य सरकार के राजस्व विभाग ने इन दोनों गांवों के नाम बदल दिये हैं। ये दोनों गांव कांग्रेस विधायक मुकेश नायक की पवई विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं।

पूर्व में वे ग्राम महगवां छक्का के पटवारी रहे अनिल कुमार पाठक ने कहा है कि गावं महगवां छक्का एक ग्राम पंचायत है। पंचायत पिछले पांच साल से इसका नाम बदलने की सरकार से मांग कर रही थी। अब यह नाम बदल गया है। वहीं पन्ना जिले की शाहनगर तहसील के तहसीलदार फैज मोहम्मद अंसारी ने बताया है कि अंग्रेजों के शासनकाल के समय वर्ष 1924 के बंदोबस्त के अनुसार महगवां छक्का नाम चला आ रहा था। उन्होंने बताया कि वे जब पांच साल पहले शाहनगर तहसील के तहसीलदार था तब वहां की ग्राम पंचायत ने यह नाम बदलने का प्रस्ताव किया था।
 

Created On :   4 Jun 2018 9:15 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story