फिर हाजिर नहीं हुई सांसद प्रज्ञा ठाकुर

MP Pragya Thakur did not appear again
 फिर हाजिर नहीं हुई सांसद प्रज्ञा ठाकुर
 फिर हाजिर नहीं हुई सांसद प्रज्ञा ठाकुर

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  कोर्ट के निर्देश के बावजूद साल 2008 के मालेगांव बम धमाके की आरोपी व सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर एक माह के भीतर दूसरी बार मुंबई की विशेष अदालत में हाजिर नहीं हुई। इस पर अदालत ने अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए साध्वी समेत सातो आरोपियों को 4 जनवरी 2021को उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। इससे पहले अदालत ने 3 दिसंबर 2020 को साध्वी सहित सभी आरोपियों को 19 दिसंबर 2020 को हाजिर रहने का निर्देश दिया था। किंतु शनिवार को जब यह मामला न्यायाधीश पी आर शित्रे के सामने सुनवाई के लिए आया तो उनके सामने सात में से सिर्फ पांच आरोपी ही कोर्ट में मौजूद थे। साध्वी और सुधाकर चतुर्वेदी अनुपस्थिति थे। 

सुनवाई के दौरान साध्वी के वकील जेपी मिश्रा ने कहा कि उनके मुवक्किल का स्वास्थ्य ठीक नहीं है। जिसके चलते उनकी रिपोर्ट आने के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। जिसके चलते वे कोर्ट नहीं आ सकी हैं। जबकि चतुर्वेदी के वकील ने कहा कि व्यक्तिगत कारणों के चलते उनके मुवक्किल हाजिर नहीं हो पाए। यह जानकारी मिलने के बाद न्यायाधीश ने 4 जनवरी को सभी आरोपियों को कोर्ट में हाजिर रहने का निर्देश दिया। गौरतलब है कि पिछले दिनों मालेगांव बम धमाका मामले की रोजाना सुनवाई शुरू हुई है। साल 2008 में हुए इस धमाके में 6 लोगों की मौत हो गई थी जबकि सौ से अधिक लोग घायल हो गए थे। 

 

 

 

Created On :   19 Dec 2020 2:25 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story