- Home
- /
- सांसद वीडी शर्मा बने मप्र भाजपा के...
सांसद वीडी शर्मा बने मप्र भाजपा के नए अध्यक्ष

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भाजपा आलाकमान ने तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए खजुराहों से सांसद विष्णु दत्त (वीडी) शर्मा को मध्यप्रदेश भाजपा इकाई का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। वीडी शर्मा जबलपुर सांसद राकेश सिंह की जगह लेंगे। वीडी की नियुक्ति की घोषणा भाजपा महासचिव अरूण सिंह ने यहां शनिवार को की। यहां जारी बयान में अरूण सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सांसद वीडी शर्मा को मध्यप्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव लागू होगी।
भाजपा नेतृत्व का जताया आभार
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के साथ लंबे समय तक जुड़े रहे वीडी शर्मा आरएसएस की पसंद बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक विद्यार्थी परिषद का होने के चलते श्री शर्मा का केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी अच्छे रिश्ते रहे हैं। बता दें कि श्री शाह भी विद्यार्थी परिषद से ही निकले नेता हैं। प्रदेश अध्यक्ष पद पर अपनी नियुक्ति के बाद श्री शर्मा ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है और कहा है कि नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने की उनकी पूरी कोशिश रहेगी।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्त्ता को मध्यप्रदेश, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा एवं शीर्ष नेतृत्व का आभार।
नेहरू युवा केन्द्र के उपाध्यक्ष रह चुके हैं वीडी
1 अक्टूबर 1970 को मुरैना में जन्मे वीडी शर्मा विद्यार्थी परिषद् में वर्ष 1986 से सक्रिय हुए। वर्ष 1995 से 2013 तक वे संगठन के प्रचारक रहे और वर्ष 2001 से 2007 तक एबीवीपी राज्य संगठन के सचिव भी रहे। वर्ष 2015 में वीडी शर्मा को नेहरू युव केन्द्र संगठन के उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली तो वर्ष 2016 में उन्होने प्रदेश महामंत्री का पद भी संभाला। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में उनकी दावेदारी भोपाल सीट से थी, परंतु आखिरकार पार्टी ने उन्हें खजुराहो सीट से अपना उम्मीदवार बनाया। इस चुनाव मंे श्री शर्मा पार्टी नेतृत्व के भरोसे पर खरे उतरे और खजुराहो सीट पर भारी मतों के अंतर से जीते।
Created On :   15 Feb 2020 6:39 PM IST