मुंबई- नागपुर बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र के लिए उपयोगी होती- मुख्यमंत्री

Mumbai-Nagpur bullet train would have been useful for Maharashtra: Chief Minister
मुंबई- नागपुर बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र के लिए उपयोगी होती- मुख्यमंत्री
केन्द्र सरकार पर उठाए सवाल मुंबई- नागपुर बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र के लिए उपयोगी होती- मुख्यमंत्री

डिजिटल डेस्क, मुंबई।  मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने केंद्र सरकार की मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना की उपयोगिता पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का महाराष्ट्र के लिए क्या उपयोग है? मुंबई-अहमदाबाद के बजाय महाराष्ट्र के लिए मुंबई-नागपुर बुलेट ट्रेन कारगर होती। शनिवार को मुख्यमंत्री ने मुंबई में मेट्रो लाइन 2-ए और मेट्रो लाइन 7 (पहला चरण) का उद्धाटन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत कई मंत्री मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई- अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को गति देने के लिए आग्रह किया जा रहा है। इस परियोजना के लिए मुंबई के बीकेसी की कीमती जमीन ली गई है। लेकिन मुंबई- अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का महाराष्ट्र के लिए क्या उपयोग है? केंद्र सरकार को यदि देश की पहली बुलेट ट्रेन महाराष्ट्र में शुरू करनी थी तो मुंबई से अहमदबाद के बजाय महाराष्ट्र की राजधानी को उपराजधानी को जोड़ने के लिए मुंबई-नागपुर बुलेट ट्रेन शुरू करना चाहिए था। मुंबई-नागपुर बुलेट ट्रेन का फायदा महाराष्ट्र को होता। इस बीच मुख्यमंत्री ने विपक्षी दल भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोरोना के बाद नए प्रकार की महामारी आयी है। उस वायरस और बीमारी का अभी तक निदान नहीं हुआ है। जिसमें केवल सत्ताधारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया जाता है। उन्होंने कहा कि महाविकास आघाड़ी की लाइन एकदम सही है। यह लाइन कभी टेढ़ी-मेढ़ी नहीं होगी। 

मुंबईवासियों को याद है कि कैसे रातोंरात पेड़ों का कत्ल किया गया
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे हैं कि हमने मुंबई का विकास किया है। लेकिन मुंबईवासी जानते हैं कि पूर्व की भाजपा सरकार में मुंबई मेट्रो तीन परियोजना के कारशेड  लिए कैसे रातोंरात पेड़ों का कत्ल किया गया था। इसको मुंबई वासियों ने अभी भी याद रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेट्रो परियोजना का श्रेय लेने के लिए भाजपा के लोग चिल्ला रहे हैं। लेकिन मेट्रो का श्रेय मुंबई वासियों की मेहनत को जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा को महाविकास आघाड़ी को कम से इतना श्रेय देना चाहिए कि हमने पूर्व की सरकार की परियोजनाओं को बंद नहीं किया है। भाजपा सरकार के समय शुरु किए गए मुंबई-नागपुर समृद्धि मार्ग का विस्तार अब गडचिरोली तक किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोप-प्रत्यारोपों के दौर में जनता को विचार करना चाहिए कि उसे क्या मिला है। महंगाई कम हुई है क्या। घर का चूल्हा ठीक से जल पा रहा है कि नहीं? 

कांजूर मार्ग की जमीन क्यों नहीं देती केंद्र सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि मुंबई के प्रति भाजपा का प्रेम है तो मुंबई मेट्रो तीन परियोजना के कारशेड के लिए केंद्र सरकार कांजूरमार्ग की जमीन क्यों नहीं दे रही है? धारावी के पुनर्विकास परियोजना के लिए रेलवे की जमीन उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। यदि मुंबई के प्रति प्रेम है तो भाजपा प्रलंबित परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से मंजूरी क्यों नहीं दिलाती है? मुख्यमंत्री ने कहा कि हम किसी से भीख नहीं मांग रहे हैं। हम न्याय और अधिकार मांग रहे हैं। यदि इसके लिए लड़ने की नौबत आई तो हम उसके लिए लड़ाई लड़कर रहेंगे। 

मास्क की सख्ती खत्म की, अभी मुक्ति नहीं 
मुख्यमंत्री ने कहा कि शनिवार को दिन भर में मैं चार अलग-अलग कार्यक्रमों में प्रत्यक्ष और ऑनलाइन शामिल हुआ। कोरोना के बाद पाबंदियां हटाने के बाद यह पहला दिन है। लेकिन चारों कार्यक्रमों में केवल मैंने और उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने मास्क पहना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि मास्क की सख्ती हटा दी गई है। लेकिन मास्क से मुक्ति नहीं हुई है। इसलिए जब तक मैं और उपमुख्यमंत्री मास्क लगा रहे हैं तब तक नागरिक भी मास्क लगाएं। जिससे भविष्य में कोरोना का संकट आया तो उसकी तीव्रता कम ही रहे। 

 


 

Created On :   2 April 2022 8:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story