- Home
- /
- अधिवेशन बाद ढहाया जाएगा मुंबई का...
अधिवेशन बाद ढहाया जाएगा मुंबई का मनोरा विधायक निवास

डिजिटल डेस्क,मुंबई । जर्जर स्थिति में पहुंच चुके मनोरा विधायक निवास अभी कुछ दिनों के लिए विधायकों का आशियाना रहेगा। 26 फरवरी से शुरु हो रहे विधानमंडल के बजट सत्र के बाद इसे गिराने का काम शुरु होगा। इस जगह पर नई अत्याधुनिक इमारत बनाने की योजना है। विधायकों को कहा गया है कि बजट अधिवेशन के बाद मनोरा विधायक आवास को खाली किया जाए।
जर्जर हो चुका है भवन
विधानभवन के सामने स्थित मनोरा विधायक निवास की स्थित जर्जर हो चुकी है। पिछले साल अगस्त में राकांपा विधायक सतीश पाटील के कमरे की छत गिर गई थी। मामला विधानसभा में उठने के बाद सरकार ने मनोरा को गिरा कर उसकी जगह नई इमारत बनाने की घोषणा की थी। यहां पुनर्निर्माण का कार्य नेशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कारपोरेशन कंपनी को दिया गया है। मानसून के पहले इसका निर्माण कार्य शुरु किया जाएगा। इसके लिए मनोरा में रहने वाले 221 विधायकों को 1 फरवरी तक इमारत खाली करने को कहा गया था। विधायकों को किराए पर घर लेने के लिए 50 हजार से एक लाख रुपए सरकार देगी। लेकिन अधिवेशन समीप होने के चलते विधायकों ने फ्लैट खाली करने से मना कर दिया। फिलहाल 15 विधायकों ने मनोरा स्थित अपने फ्लैट खाली कर दिए हैं।
खुद CM ने अनुभव किया था खतरा महसूस
ज्ञात हो कि कुछ माह पूर्व जब मनोरा विधायक निवास को ढहाने का फैसला लिया गया था उस समय खुद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने स्वीकार किया था कि विधायक आवास की खस्ता हालत का अनुभव उन्होंने खुद किया है। बतौर विधायक पहले वे जिस कमरे में रहते थे उसकी छत पूरी नीचे आ गई थी। मनोरा की मरम्मत संभव नहीं है इसलिए इसे ढहाकर नया अत्याधुनिक भवन बनाने का काम शुरू होने जा रहा है। जिसके लिए भवन को ढहाने का काम विधान मंडल के बाद किया जाएगी। मनोरा में 158 विधायक रहते हैं। जिन्हें अन्य जगह स्थानांतरित करना भी जारी है।
Created On :   10 Feb 2018 5:07 PM IST