- Home
- /
- कोविड़ सुस्त होते ही बढ़ी मनपा की...
कोविड़ सुस्त होते ही बढ़ी मनपा की आय, 17 प्रतिशत वृद्धि

डिजिटल डेस्क,नागपुर। कोविड का प्रकोप नरम पड़ने से मनपा की आय पर सकारात्मक परिणाम हुआ है। पिछले साल के मुकाबले इस साल आय के आंकड़ों में उछाल आया है। मनपा की तिजोरी में उम्मीद से बढ़कर आय जमा होने की स्थायी समिति सभापति प्रकाश भोयर ने पत्र परिषद में जानकारी दी।
आय में ऐसे हुई घट-बढ़
साल 2019 के पहले 9 महीने में मनपा की आय 1688.99 करोड़ थी। इसी कालावधि में साल 2020 में 1393.24 करोड़ रुपए मनपा की तिजोरी में जमा हुए, जबकि चालू वित्तीय वर्ष में सितंबर अंत तक मनपा की संपत्ति में 17 प्रतिशत वृद्धि हुई है। स्थायी समिति सभापति भोयर ने बताया कि विज्ञापन से मिलने वाली आय 21 प्रतिशत बढ़ी है। हालांकि एलबीटी की आय में कमी हुई है। गत वर्ष जलापूर्ति से 80 करोड़, 83 लाख रुपए आय हुई थी। चालू वर्ष में बढ़कर 82 करोड़ 31 लाख 12340 रुपए आय हुई है। बाजार विभाग से गत वर्ष 15.8 करोड़ रुपए आय हुई थी। इस वर्ष 3.8 करोड़ पर पहुंच गई है। नगर रचना विभाग से गत वर्ष 10 करोड़ 11 लाख, 4144 रुपए जमा हुए थे। इस वर्ष 30 सितंबर तक 111 करोड़ 42 लाख 12577 रुपए आय हुई है।
साल 2020 रहा तंगी का वर्ष
नागपुर में साल 2020 के मार्च महीने में कोविड का पहला पॉजिटिव मरीज मिला। धीरे-धीरे पॉजिटिव का आंकड़ा बढ़ता गया। स्थिति नियंत्रण के बाहर जाती देख देश में लॉकडाउन लगाया गया। सभी कारोबार ठप हो जाने से मनपा की आय पर बुरा असर पड़ा। कोविड के कोहराम से साल 2020 मनपा की तंगी का वर्ष रहा। अप्रैल महीने में मनपा की तिजोरी में सिर्फ 12.95 करोड़ रुपए जमा हुए। मई महीने तक 250.85 करोड़ से आय कम हो गई। जून महीने में संक्रमण की तीव्रता कम होने पर साल 2019 के मुकाबले 9.81 करोड़ ज्यादा आय हुई, लेकिन जुलाई, अगस्त और सितंबर में कोविड संक्रमण चरम पर पहुंच जाने से मनपा की आय पर बुरा प्रभाव पड़ा।
स्थावर विभाग पिछड़ा
मनपा के आय के अन्य स्रोत में भले ही वृद्धि दर्ज हुई, लेकिन स्थावर विभाग पिछड़ गया है। गत वर्ष 2.9 करोड़ रुपए आय हुई थी। इस वर्ष अभी तक मात्र 81 लाख 61 हजार 291 रुपए राजस्व प्राप्त हुआ है। नासुप्र को पुनर्जीवित कर मनपा से गुंठेवारी की आय छीन ली गई है। गत वर्ष गुंठेवारी से मनपा की 66 करोड़ रुपए कमाई हुई थी। इस वर्ष जब तक मनपा के पास गुंठेवारी थी, उस कालावधि में 26 करोड़ रुपए आय प्राप्त हुई है।
प्रमुख विभाग आय करोड़ में
जलापूर्ति 82.31
बाजार 3.8
नगर रचना 111.42
गुंठेवारी 26 करोड़
Created On :   30 Oct 2021 4:06 PM IST