हत्या व हत्या का प्रयास: आरोपी 28 तक रिमांड पर

Murder and attempt to murder: accused on remand till 28
हत्या व हत्या का प्रयास: आरोपी 28 तक रिमांड पर
हत्या व हत्या का प्रयास: आरोपी 28 तक रिमांड पर

डिजिटल डेस्क, नागपुर। अजनी क्षेत्र के कौशल्या नगर इलाके की दोनों हिंसक वारदातों में अजनी पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हत्या के 3 और हत्या के प्रयास में 6 आरोपियों का समावेश है। सात आरोपियों को न्यायालय ने 28 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इनमें स्वयम नगरालेे (21) हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी निशांत घोड़ेस्वार (22), कल्पतरु बुद्ध विहार, कौशल्या नगर निवासी शामिल है। इसके दो नाबालिग साथियों को भी हिरासत में लिया गया है। दूसरी वारदात में गंभीर रूप से जख्मी शिवम उर्फ शक्तिमान गुरुदेव की हत्या का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तार आरोपियों में आकाश मनवर, प्रीतम कावड़े, सुरेश कामड़े,  बिरजू शिंदे,  सुनील वानखेड़े, अभिषेक घोड़ेस्वार,  कौशल्या नगर निवासी शामिल हैं। फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।  

पुलिस सूत्रों के अनुसार जुआ अड्डे को बंद करने की बात को लेकर उपजे विवाद में आरोपी शक्तिमान गुरुदेव, निशांत घोड़ेस्वार और उसके दो नाबालिग साथियों ने शुक्रवार की रात ऑटो में बैठकर मोबाइल देख रहे स्वयम नगराले की ऑटो के अंदर घुसकर हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे। यह करतूत आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।  पुलिस ने घटना के बाद इस मामले में आरोपी निशांत घोड़ेस्वार और उसके दो नाबालिग साथियों को धरदबोचा था। स्वयम नगराले की हत्या में शामिल आरोपी शिवम उर्फ शक्तिमान गुरुदेव वारदात को अंजाम देने के बाद अपने मामा के घर भांडे प्लॉट में जा छिपा था।  शनिवार को सुबह करीब 8 बजे स्वयम के दोस्त आरोपी शक्तिमान को समझौता कराने के इरादे से   उसे घटनास्थल पर लेकर गए, जहां उसने स्वयम को मौत के घाट उतारा था, ने  शक्तिमान पर आरोपी आकाश मनवर, बिरजू शिंदे,  सुनील वानखेड़े, अभिषेक घोड़ेस्वार,  कौशल्या नगर व प्रीतम कावडे, सुरेश कामड़े ने  हमला बोल दिया था।  शक्तिमान अपनी जान बचाकर झंडा चौक की ओर भागा, यहां आरोपियों ने उस पर ईंट और पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या का प्रयास किया। घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्वयम की मौत के बाद बंदोबस्त में तैनात पुलिस कर्मियों को जब शक्तिमान पर  हमला होने की भनक लगी, तो वे घटनास्थल पर पहुंचे, वहां गंभीर रूप से जख्मी हालत में पड़े शक्तिमान को पुलिसकर्मियों ने मेडिकल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू है। 

कई लोग करते हैं अवैध शराब का धंधा 
सूत्रों के अनुसार कौशल्या नगर में कुछ दिन पहले ही एक आरोपी के घर से गांजा जब्त किया गया था। जायस्वाल, मनोज,  गोलू, सूरज, वरठी, गोरेलाल, चौधरी, मोरे, नंदागवली सहित कई ऐसे नाम इस इलाके में चर्चा में हैं, जो अवैध शराब के धंधे में लिप्त हैं। इनके यहां पर कम उम्र के लड़के  भी कई बार शराब का सेवन करते देखे जाते हैं। कौशल्या नगर में जुआ अड्डे शुरू करने पर युवा जुआरी भी बन रहे थे। इसका स्वयम ने विरोध किया, तो शक्तिमान और उसके साथियों ने उसे मौत के घाट उतार दिया। कौशल्या नगर में सुबह से अवैध शराब की भट्टियां खुल जाती हैं। यहां बदमाश वसूली करने के साथ ही अपने साथियों के साथ शराब से गला तर कर बस्ती के युवकों से कई बार मारपीट तक करते हैं। 

कौशल्या नगर परिसर छावनी म तब्दील
कौशल्या नगर में दो हिंसक वारदातों के बाद तनावपूर्ण शांति है। परिसर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। स्वयम की हत्या में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।   कौशल्या नगर के नागरिकों का आरोप है कि, अवैध धंधों के बारे में पुलिस थाने में शिकायत करने के बाद कोई कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का मनोबल बढ़ने लगा था। चर्चा है कि कुछ अवैध धंधे वालों ने पुलिस की वसूली से परेशान होकर वरिष्ठ अधिकारियों से भी शिकायत की थी। 
 

Created On :   26 July 2021 1:16 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story