- Home
- /
- सांसदों के विरोधी सुर से चिंतित...
सांसदों के विरोधी सुर से चिंतित होने लगी भाजपा, मुरली मनोहर जोशी ने की भागवत से चर्चा

डिजिटल डेस्क, नागपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात की। माना जा रहा है कि भाजपा में पिछले कुछ माह से सांसद जिस तरह विरोधी सुर अलाप रहे हैं उससे पार्टी की छवि पर असर हो रहा है इसलिए मुरली मनोहर जोशी की इस मुलाकात को राजनीति से जोड़ा जा रहा है। लगभग एक घंटे चली बैठक में संघ प्रमुख के साथ विविध मुद्दों पर चर्चा होने की जानकारी है।
केन्द्र और यूपी पर की चर्चा
विशेषकर उत्तर प्रदेश और केंद्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों को लेकर दोनों के बीच गहन मंत्रणा हुई। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश में गोरखपुर और फुलपुर लोकसभा उपचुनाव में भाजपा को मिली करारी हार से स्थितियां बदलती दिख रही है। इस बीच सुप्रीम कोर्ट द्वारा एट्रोसिटी एक्ट पर दिए गए निर्णय के बाद दलित आंदोलन खासकर यूपी में अधिक उग्र हुआ है, जिसके बाद भाजपा में पिछड़ावर्ग के सांसद खुलकर सरकार के खिलाफ बोलने लगे हैं। इससे पार्टी की छवि को खासा नुकसान पहुंचने की जानकारी है।
समसरता मुहिम को लगा है झटका
संघ के दलितों के बीच चलाई जा रही समरसता मुहिम को इसकी वजह से तगड़ा झटका लगा है। इसे लेकर श्री जोशी व श्री भागवत के बीच लगभग घंटे भर चर्चा चली। इसके अलावा केंद्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर भी प्रकाश डाला गया। हालांकि सूत्र इसे नियमित बैठक बता रहे है। कहा गया कि मुरली मनोहर जोशी समय-समय पर संघ मुख्यालय में आते रहते हैं। इसलिए इसे विशेष बैठक या भेंट नहीं होने की जानकारी दी। श्री जोशी के बुधवार दोपहर 4 बजे ही नागपुर पहुंचने की जानकारी मिली है। नागपुर विमानतल पर पहुंचने के बाद वे सीधे रामदासपेठ स्थित एक होटल के लिए रवाना हुए। रात को विश्राम करने के बाद दूसरे दिन संघ मुख्यालय गए। एक घंटे चर्चा के बाद उन्होंने संघ मुख्यालय में भोजन कर होटल के लिए हो गए। शाम करीब 5 बजे उनके नागपुर से उड़ान भरने की जानकारी है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों उमाभारती भी नागपुर आयीं थी , उस समय उनकी मुलाकात को भी राजनीति का हिस्सा माना जा रहा था हालांकि उमा भारती ने इस तरह की बातों से इंकार किया था।

Created On :   13 April 2018 10:52 AM IST