नागपुर शहर की शान होगा ‘म्यूजिकल फाउंटेन’

Musical Fountain will be the pride of Nagpur city
नागपुर शहर की शान होगा ‘म्यूजिकल फाउंटेन’
केंद्रीय मंत्री गडकरी की उपस्थिति में फुटाला में फव्वारे का ट्रायल नागपुर शहर की शान होगा ‘म्यूजिकल फाउंटेन’

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर की शान फुटाला तालाब का म्यूजिकल फाउंटेन नागपुर का नया इतिहास बनाएगा। पूरे भारत में यह अपने-आप में अद्भुद होगा। इसकी हिंदी में कमेंट्री बॉलीवुड के अभिनेता अमिताभ बच्चन व मराठी में कमेंट्री नाना पाटेकर की आवाज में होगी। इस रंगीन फव्वारे को देखने के लिए फुटाला तालाब के पास 400 सीटों की क्षमता वाली दर्शक गैलरी होगी। फुटाला के सामने ही 1100 वाहनों की पार्किंग व्यवस्था के साथ 12 मंजिल फूड-प्लाजा  का निर्माण होगा। यह जानकारी केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी ने दी है। वे शुक्रवार को म्यूजिकल फाउंटेन आैर लाइट-शो प्रोजेक्ट का जायजा लेने फुटाला तालाब पहुंचे थे। इस दौरान शहर के गणमान्य व्यक्ति व अधिकारी मौजूद थे। श्री गडकरी की संकल्पना से यह भव्य प्रोजेक्ट साकार हो रहा है। 

विश्व स्तर के आए हैं आर्किटेक्ट
केंद्रीय सड़क निधि से 30 करोड़ रुपए पंजाबराव कृषि विद्यापीठ को दिए गए हैं। इस फव्वारे के निर्माण के लिए विश्व स्तर के आर्किटेक्ट नागपुर आए हैं। फाउंटेन के हार्डवेयर की प्राथमिक टेस्ट श्री गडकरी ने करते हुए उसका मुआयना भी किया। इस फाउंटेन को बनाने में सहयोग करने पर नागपुर सुधार प्रन्यास, महामेट्रो व प्रोजेक्ट के ठेकेदार का  आभार माना। तामिल फिल्म की गायिका रेवती ने भी इस  प्रकल्प के संगीत नियोजन के बारे मंे जानकारी दी। 

दुनिया का सबसे बड़ा है
दुनिया का यह सबसे बड़ा म्यूजिकल फाउंटेन 15 अगस्त को जनता के लिए शुरू हो जाएगा। फाउंटेन का फ्लोटिंग प्लेटफार्म 180 मीटर का है, जो दुनिया का सबसे बड़ा है। दुनिया भर से आने वाले पर्यटकों के लिए ‘आर्किटेक्चरल मार्वल’ होगा। टाइगर सफारी के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए यह म्यूजिकल फाउंटेन भी आकर्षण का केंद्र होगा।

यह होगी विशेषता
गडकरी ने कहा कि तालाब के दूसरे छोर पर एक फ्लावर गार्डन तैयार किया जाएगा, जहां दुनिया भर के विभिन्न प्रजाति के  फूलों के पौधे लगाए जाएंगे। इसी के साथ बटरफ्लाई पार्क में रंग-बिरंगी तितलियों को लोग देख सकेंगे। बड़ी संख्या में तोते भी रखे जाएंगे। इन्हें फ्रेंडली किया जाएगा, ताकि पर्यटकों के कंधों व हाथों पर आकर बैठ सकें। पर्यटकों को यहां प्राकृतिक सौंदर्यता के साथ ही मानसिक सुकून मिले, ऐसा गार्डन तैयार होगा। अभिनेत्री रेवती ने बताया कि म्यूजिकल फाउंटेन के लिए संगीतकार ए.आर. रहमान का संगीत होगा। यह शो 35 मिनट का रहेगा। गडकरी की उपस्थिति में फाउंटेन का ट्रायल भी हुआ। यहां 94 फव्वारे लगे हैं।

Created On :   2 July 2022 6:07 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story