- Home
- /
- किशोर के नगमों ने बांधा समा,...
किशोर के नगमों ने बांधा समा, ‘युगंधर’ नाटक का भी हुआ मंचन

डिजिटल डेस्क, नागपुर। रागा टू रॉक म्यूजिकल एकेडमी एंड इंवेट ग्रुप व एलेक्सिस के सयुंक्त तत्वावधान में किशोर कुमार की पुण्यतिथि पर ‘जिंदगी की यही रीत है’ संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम डॉ. वसंतराव देशपांडे सभागृह सिविल लाइंस में किया गया। इस दौरान किशोर कुमार के नाम से पहचाने जाने वाले गायक कलाकार सागर मधुमटके ने किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की संकल्पना रागा टू रॉक की संचालिका संगीता जगताप की थी। सागर मधुमटके के साथ संजीव जगताप, शीतल टोकलवार, अनुष्का काले, वेदना देशभ्रतार, स्वप्निल गोडे, बबिता शेलोकर, मृण्मयी ने किशोर कुमार के विविध गीतों को प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मराठी गीत से हुई। इसके साथ ही जब भी कोई कंगना बोले, हम तो मोहब्बत करेगा गीतों की प्रस्तुति किशोर दा के स्टाइल में दी गई। युवाओं के लिए ये दोस्ती हम नहीं तोड़ेंगे गीत की खास प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम का संचालन श्वेता शैलगांवकर ने किया। संगीत संयोजन महेंद्र ढोले का रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में हेमंत गडकरी, स्वप्निल मालेवार, रवींद्र परांजपे, संजीवनी चौधरी व अजय ठाकुर का योगदान रहा।
‘युगंधर’ नाटक का हुआ मंचन
दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, नागपुर एवं महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा के संयुक्त तत्वावधान में 15 अक्टूबर को विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में दीपाली घोंगे द्वारा प्रस्तुत श्रीकृष्ण की जीवनी पर आधारित नाट्यकृति ‘युगंधर’ का मंचन हुआ। नाटक के सभी कलाकारों का स्वागत कुलाधिपति प्रो. कमलेश दत्त त्रिपाठी, कुलपति प्रो. गिरीश्वर मिश्र द्वारा किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम समिति (दीक्षांत समारोह) संयोजक डॉ. सतीश पावडे, सहसंयोजक डॉ. अप्रमेय मिश्र एवं दमक्षेसां केंद्र निदेशक डॉ. दीपक खिरवडकर, कार्यक्रम अधिकारी दीपक कुलकर्णी भी उपस्थित थे। युगंधर नाटक की संकल्पना तथा निर्देशन दीपाली घोंगे तथा लेखन डॉ. नंदिता साहू की थी। यशोदा की भूमिका में सोनाली वरटकर, नूपुर बड़गे (राधा), सारंग गुप्ता (उद्धव), मैथिली देशपांडे (रुक्मिणी), मयूरी टोंगले (द्रौपदी), जय गाला (बलराम), दीपाली घोंगे (गांधारी), दीपा हटवार (मीरा), देवांगी भगत (बालकृष्ण), अपराजिता साहू (सखी), अर्चना देशपांडे (गोपी), निधि पुराणिक अमृत हड़प (राधाकृष्ण नृत्य) एवं श्रीकृष्ण की प्रमुख भूमिका मे निखिल टोंगले ने निभाई। नाट्य प्रस्तुति ने श्रोताओं का मन मोह लिया।
Created On :   19 Oct 2018 3:46 PM IST