- Home
- /
- मकान में मिला फांसी पर लटका मिला...
मकान में मिला फांसी पर लटका मिला क्षत-विक्षत शव

डिजिटल डेस्क, अमरावती। फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र में आने वाले यशोदा नगर गली नंबर 2 के एक मकान में रविवार को सुबह एक 40 वर्षीय शख्स की फांसी पर लटकी हुई सड़ी-गली लाश पुलिस ने बरामद की है। मृतक ने तीन दिन पूर्व फांसी लगाकर खुदकुशी करने का अनुमान पुलिस ने लगाया है। जानकारी के मुताबिक मृतक युवक का नाम जिवेश रावेकर (40) है। बताया जाता है कि, जिवेश अपनी पत्नी और एक बेटा, एक बेटी के साथ यशोदा नगर के गली नंबर 2 में रहता था। ग्रीष्मकाल की छुट्टियां होने से पत्नी और बच्चे एक पखवाड़ा पूर्व बाहरगांव गए थे। इस कारण जिवेश घर में अकेला था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पेट भरता था। रविवार 29 मई को सुबह जिवेश के मकान से परिसर में काफी दुर्गंध आ रही थी। इस कारण क्षेत्र के नागरिकों को संदेह हुआ। परिवार के कोई सदस्य घर पर न होने से और जिवेश भी पिछले दो दिनों से दिखाई न देने के कारण नागरिकों ने तत्काल फ्रेजरपुरा पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस का दल तत्काल घटनास्थल पर पहंुचा। घर से आती दुर्गंध को देखते हुए पुलिस ने सैकड़ों नागरिकों की मौजूदगी में मकान का दरवाजा तोड़ा और भीतर प्रवेश किया तो जिवेश फांसी पर लटका दिखाई दिया। उसका शव सड़ीगली अवस्था में था। इस कारण उसने 2 से 3 दिन पूर्व फांसी लगाकर खुदकुशी करने का अनुमान है। आत्महत्या का कारण पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहंुचा दिया है। आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
Created On :   30 May 2022 4:44 PM IST