- Home
- /
- किसानों को डेढ़ गुना दर से मिलेगी...
किसानों को डेढ़ गुना दर से मिलेगी MSP, खरीद-बिक्री संघ के माध्यम से नाफेड करेगा खरीद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में नाफेड अब केवल खरीद-बिक्री संघ के माध्यम से किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर सोयाबीन, मूंग और उड़द खरीदेगा। किसानों को पहली बार उत्पादन खर्च के डेढ़ गुना दर से MSP मिलेगा। सरकारी खरीद का लाभ व्यापारियों को मिलने से रोकने के लिए राज्य सहकारी विपणन महासंघ ने यह फैसला किया है।
प्रदेश सरकार के विपणन विभाग के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि किसान उत्पादक कंपनी (एफपीओ), कृषि उत्पन्न बाजार समिति समेत दूसरे संस्थाओं की मदद से खरीद होने के कारण कई बार व्यापारी अपने अनाज को नाफेड के पास बेचने में सफल हो जाते हैं। इससे किसानों को भारी नुकसान होता है और खरीदी प्रक्रिया में अनियमितता की शिकायत होती है। इसलिए इस बार केवल खरीद-बिक्री संघ के माध्यम से ही खरीदों का उत्पादन खरीदे जाएंगे। नाफेड की खरीदी प्रक्रिया में खरीद-बिक्री संघ सबएजेंट के रूप में काम करेगा। अधिकारी ने बताया कि किसानों के ऑनलाइन पंजीयन के बाद खरीद- बिक्री संघ किसानों को नाफेड के खरीद केंद्रों पर कृषि उत्पाद बेचने के लिए बुलाते हैं। प्रदेश की हर तहसील में लगभग खरीद-बिक्री संघ हैं।
प्रदेश में होगी 25 लाख क्विंटल सोयाबीन की खरीदी
राज्य में इस साल की खरीद फसल सत्र में सोयाबीन 25 लाख क्विंटल, मूंग 4 लाख क्विंटल और उड़द 3.50 लाख क्विंटल खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। किसानों से मूंग और उड़द की खरीद के लिए ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। जबकि सोयाबीन के लिए पंजीयन 1 अक्टूबर से शुरू होगा। किसानों को मूंग, उड़द और सोयाबीन बेचने के लिए एनईएमएल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन करना होगा। किसानों को मूंग और उड़द बेचने के लिए 10 अक्टूबर तक पंजीयन करना होगा, जबकि सोयाबीन बेचने के लिए किसान 31 अक्टूबर तक पंजीयन करा सकते हैं।
विपणन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में मूंग और उड़द की खरीद 5 अक्टूबर से शुरू होगी। इसके बाद सोयाबीन की खरीद शुरू की जाएगी। राज्य में नाफेड के 86 खरीद केंद्रों पर किसान मूंग और उड़द बेच सकेंगे। जबकि सोयाबीन के लिए 183 खरीद केंद्र शुरू किए जाएंगे। केंद्र सरकार के उत्पादन खर्च का डेढ़ गुना दाम देने के फैसले के बाद सबसे अधिक लाभ मूंग उत्पादक किसानों को मिलेगा। किसानों को मूंग के लिए प्रति क्विंटल 6975 मिलेंगे। पिछले साल मूंग की MSP 5575 रुपए प्रति क्विंटल था। उड़द के लिए बीते साल 5400 रुपए प्रति क्विंटल के मुकाबले इस बार 5600 रुपए मिलेंगे। सोयाबीन बेचने वाले किसानों को प्रति क्विंटल 3399 रुपए मिलेंगे। पिछले साल सोयाबीन के लिए 3050 रुपए प्रति क्विंटल दाम दिया गया था।
1.jpg)
Created On :   29 Sept 2018 6:02 PM IST