नागपुर : अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, 5 घायल

Nagpur: 2 killed, 5 injured in separate accidents
नागपुर : अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, 5 घायल
नागपुर : अलग-अलग हादसों में 2 की मौत, 5 घायल

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में अलग-अलग घटनाओं में 2 लोगों की मौत हो गई जबकि 5 लोग घायल हो गए।  सदर उड़ानपुल पर पूनम चेंबर्स के सामने दो कारों में टक्कर हो गई, जिससे 5 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। इसमें वेकोलि का कर्मचारी भी शामिल है। दुर्घटना के समय बारिश शुरू थी। घटना के बारे में सूचना मिलने पर सदर के वरिष्ठ थानेदार संतोष बकाल सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

स्टीयरिंग और सीट के बीच में फंसे
पुलिस के अनुसार सदर उड़ानपुल पर पूनम चेंबर्स के सामने मुलताई (मध्य प्रदेश) से आ रही कार क्रमांक एमपी 04 सीवी- 8506 और नागपुर से छिंदवाड़ा जा रही अल्टो कार क्रमांक एमएच 49   के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। छिंदवाड़ा से आ रही कार में मुलताई निवासी विजय देशमुख,  सुनील कवादे और उनकी पत्नी ममता कवादे सवार थीं। इन्हें धंतोली स्थित निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। नागपुर से छिंदवाड़ा जा रही कार में वेकोलि के कर्मचारी दिलीप ठाकरे और उनके मित्र कृष्णा वानखेड़े सवार थे। कार चालक दिलीप ठाकरे स्टीयरिंग और सीट के बीच बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें मनपा के दमकल कर्मियों ने कार का दरवाजा काटकर बाहर निकाला। घायल दिलीप के दोनों पैर बुरी तरह जख्मी हो गए हैं। सुनील कवादे की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। इन्हें भी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

अनियंत्रित थी कार
दिलीप ने सामने से आ रही कार को अनियंत्रित देखकर बचने की कोशिश में अपनी कार को उड़ानपुल की रेलिंग से चिपका दिया, इसके बावजूद उनकी कार दुघर्टनाग्रस्त हो गई। प्रथम दृष्टि में पुलिस का मानना है कि मुलताई से आ रही कार चालक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ होगा। उक्त हादसे के बाद स्थानीय नागरिक राहुल सावडिया, जीतेश शाह, हरीश विसानी ने सहयोग किया।  पुलिस के अनुसार सुनील कवादे अपना इलाज कराने शंकर नगर के एक निजी अस्पताल में जा रहे थे। वह पत्नी ममता और चालक विजय देशमुख के साथ मुलताई से नागपुर आ रहे थे।

अज्ञात वाहन ने बाइक को उड़ाया
दोस्त के साथ होटल से भोजन कर लौटते समय दोपहिया वाहन को अज्ञात चार पहिया वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोपहिया सवार एक युवक की मौत हो गई। एक जख्मी हो गया। मृतक का नाम वैभव मुले  (24), शिवाजी नगर, वानाडाेंगरी निवासी है। घायल का नाम आकाश विजयराव डेहारकर (22) है। वह शिवराय नगर, वानाडोंगरी निवासी है। घटना 10 जून को शाम करीब 5.30 बजे हुई। 

होटल में भोजन करने के बाद घर जा रहे थे
पुलिस के अनुसार आकाश डेहारकर और वैभव शेरे पंजाब होटल में भोजन करने के बाद मोटरसाइकिल (एम.एच.-40-डी.एम.-7623) पर घर जा रहे थे। इस दौरान एमआईडीसी क्षेत्र में भगवत ऑटोमोबाइल के सामने, आईसी चौक में मोटरसाइकिल को हिंगना की ओर जाते समय तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन के चालक ने तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाकर टक्कर मार दी। हादसे में आकाश और वैभव गंभीर रूप से घायल हो गए और वैभव की मौत हो गई। हादसे में आकाश का दाहिना पैर जख्मी हो गया। एमआईडीसी पुलिस ने आकाश डेहारकर की शिकायत पर अज्ञात चार पहिया वाहन चालक के खिलाफ धारा 297, 304(अ) के तहत मामला दर्ज किया है।

आग से झुलसी महिला की मौत
गणेशपेठ क्षेत्र में कचरा जलाते समय आग में हिट स्प्रे की बोतल फूटने से झुलसी 65 वर्षीय महिला शकुंतला पांडे की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस के अनुसार गंजीपेठ निवासी शकुंतला पांडे गत 1 जून को सुबह करीब 9.30 बजे घर के सामने कचरा जला रही थी। कचरे में हिट स्प्रे की बोतल आग में जलने से फूट गई। आग की चपेट में आने से शकुंतला बुरी तरह  झुलस गईं। उसे मेयो में अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 11 जून को उसकी मौत हो गई। गणेशपेठ थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

मामा के घर में भांजे ने  खाई  जहरीली दवा, मौत
मामा के घर में जहरीली दवा खाने वाले भांजे की मेयो अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का नाम चंद्रकांत राजू वांढे (22) है। खुदकुशी का कारण अज्ञात है। पुलिस के अनुसार ईंटगांव, पारशिवनी निवासी चंद्रकांत वांढे गत 10 जून को अपने मामा के घर प्रभाग-3 महादुला-कोराडी में आया था। रात  करीब 11.15 बजे चंद्रकांत ने जहरीली दवा खा ली। उसकी तबीयत बिगड़ने पर मामा ने उसे मेयो अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोराडी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। 
फरार आरोपी गिरफ्तार

Created On :   12 Jun 2021 11:42 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story