- Home
- /
- नागपुर : टहलने निकले युवक की ट्रेन...
नागपुर : टहलने निकले युवक की ट्रेन से मौत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ट्रेन की टक्कर लगने से एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक का नाम राहुल उर्फ विनय सिंह चव्हाण है। वह टहलने गया था। इस दौरान नरेंद्र नगर रेलवे पुलिया के पास रेल पटरी पर वर्धा-नागपुर अप रेलवे लाइन पर ट्रेन से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना 1 जून को रात करीब 9.30 बजे के आसपास हुई। घटना के बारे में सूचना मिलने पर प्रतापनगर थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक बोयणे ने फिलहाल आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झुलसने से वृद्ध महिला की मौत
मोमबत्ती से झुलसने से एक 63 वर्षीय वृद्ध महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक का नाम उमा सुशील कुमार बिस्वास है। घटना 15 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे पूजा करने के दौरान हुई थी। वह प्लाॅट नं 23, पार्वती काॅम्प्लेक्स, स्वावलंबी नगर निवासी थी। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान 25 मई को उनकी मौत हो गई। निघसुख निहारदत्त पश्चिम बंगाल निवासी की सूचना पर प्रताप नगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।
जुआ अड्डे पर छापा, 7 गिरफ्तार
खापरखेड़ा क्षेत्र के नांदा परिसर में चल रहे जुआ अड्डे पर पुलिस ने छापा मारा। अड्डे से 1 जून को शाम करीब 4 बजे 7 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया। जुआरियों में मत्थू राजेन्द्र स्वामी (44), सुनील दत्ताजी वाढोले (40), महेश जनबोधकर, सोनू चंदनलाल राउत (23), सिद्धार्थ भोजराज गजभिये (31) महादुला, अश्विन विलास पाटील (30) नांदा और पुरुषोत्तम यादवराव शेंडे (36) बाबुलखेड़ा निवासी का समावेश है। पुलिस ने इन जुआरियों से 52 ताश पत्ते, नकदी 9,500 रुपए और 51 हजार रुपए के 7 मोबाइल फोन, 1.80 लाख रुपए की 6 मोटरसाइकिल सहित 2 लाख 40 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया है। इस मामले में उपनिरीक्षक अभिषेक अंधारे की शिकायत पर खापरखेड़ा थाने में आरोपियों के खिलाफ धारा 12 मुंबई जुआ प्रतिबंधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।
3 लोगों की फांसी लगाने से मौत
सेवानिवृत्त कर्मचारी सहित 3 लोगों ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतकों के नाम गारडन विलियम डेल्बी (60) छावनी सदर, पृथ्वीराज रावजी वागदे (50) रूई पांजरी और संजय गुलाब देवीकर (35) लालगंज मेहंदीबाग निवासी हैं। तीनों ने आत्महत्या क्यों की? इसका पुलिस पता लगा रही है। घटनाएं विभिन्न थाना क्षेत्रों अंतर्गत हुईं।
पुलिस के अनुसार वली अपार्टमेंट, प्लाट नं. 1, छावनी नागपुर निवासी गारडन विलियम डेल्बी रेलवे से करीब 6 माह पहले सेवानिवृत्त हुए थे। उनके परिवार में पत्नी सुजेन और दो बेटियां हैं। पत्नी मेेडिकल कॉलेज में कार्यरत है। गारडन धार्मिक प्रवृत्ति के थे। वह अपने कमरे में दरवाजा बंद कर घंटों प्रार्थना किया करते थे। 1 जून को दोपहर करीब 12.30 बजे वह कमरे में गए। अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। करीब 15 मिनट बाद परिजनों ने उनके कमरे पर दस्तक दी तो अंदर से कोई उत्तर नहीं मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया, तो गारडन सीलिंग पंखे में दुपट्टा बांधकर फांसी पर लटके नजर आए। परिजन उन्हें तत्काल मेडिकल अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। सुजेन की सूचना पर सदर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
हिंगना क्षेत्र के रूई पांजरी नागपुर निवासी पृथ्वीराज रावजी वागदे ने गत 1 जून को घर में नीम के पेड़ की डाली से रस्सी बांधकर फांसी पर झूल गए। 2 जून को परिजनों को वह फांसी के फंदे पर लटके दिखे। तब हिंगना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। मृतक के बेटे अंकित वागदे की सूचना पर थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
पांचपावली क्षेत्र के लालगंज मेहंदीबाग रोड निवासी संजय देवीकर ने गत 1 जून को घर में लकड़ी की बल्ली में नायलॉन की रस्सी बांधकर फांसी लगा ली। उसे फांसी पर लटका देखकर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पांचपावली थाने की महिला पुलिस उपनिरीक्षक काटोले सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया। मृतक संजय की पत्नी गायत्री देवीकर की सूचना पर आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।
फुटपाथ पर मिले बेहोश व्यक्ति की मौत
प्रताप नगर इलाके के गोपाल नगर पहला बस स्टाप के पास फुटपाथ पर शेखर हांडे (45) गत 1 जून को बेहोश मिला था। उसे मेडिकल अस्पताल में ले जाने पर प्राथमिक जांच के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बारे में प्रताप नगर पुलिस को मेडिकल अस्पताल से सूचना मिलने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Created On :   3 Jun 2021 1:31 PM IST