नागपुर बनेगा नंबर वन ग्रीन सिटी - गडकरी

Nagpur city will become number one green city - Gadkari
नागपुर बनेगा नंबर वन ग्रीन सिटी - गडकरी
नागपुर बनेगा नंबर वन ग्रीन सिटी - गडकरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। प्रदूषण नियंत्रण की ठोस उपाय योजनाओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने कहा है कि नागपुर को देश की नंबर वन ग्रीन सिटी बनाया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि पानी, हवा व ध्वनि प्रदूषण को कम करने के लिए नागरिक योगदान दें। 5 वर्ष में इन प्रदूषणों को कम कर नागपुर को स्वच्छ, स्वस्थ व हरा-भरा शहर बनाया जा सकता है। 

पौधारोपण के साथ संवर्धन भी जरूरी  
दैनिक भास्कर के पौधारोपण अभियान का शुभारंभ कर संपादकीय सहयोगियों से चर्चा में गडकरी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक विजन व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण को सार्थक करने के लिए ठोस व आवश्यक उपाय योजनाओं पर काम करना होगा। पेड़ों की विशेषता के अनुरूप उनका रोपण व संवर्धन करना जरूरी है। वातावरण अनुरूप पौधारोपण पर भी उन्होंने जोर दिया। पर्यावरण संरक्षण के लिए नई तकनीकी के इस्तेमाल का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि पौधों के रोपण के अलावा प्रत्यारोपण पर भी अधिक ध्यान देने की आवश्यकता है।

विदर्भ में पेड़ों का प्रत्यारोपण होने लगा है। अजनी के मल्टी मॉडल स्टेशन प्रकल्प के तहत भी पेड़ों का रोपण व प्रत्यारोपण किया जायेगा। जल,जमीन व जंगल के विकास का सीधा संबंध देश की अर्थव्यवस्था के विकास से है। कृषि आधारित अर्थव्यवस्था का देश की आर्थिक व्यवस्था में बड़ा योगदान है। आधुनिक संसाधनों व पूरक फसल के माध्यम से कृषि क्षेत्र में काफी विकास किया जा सकता है। प्राकृतिक तरीके से अर्थव्यवस्था का विकास होगा। देश में 8 लाख करोड़ का पेट्राेलियम पदार्थों का आयात हो रहा है। यह आयात 3 लाख करोड़ तक लाकर शेष 5 लाख करोड़ का योगदान कृषि विकास के लिए देने की दिशा में काम किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन समन्वय संपादक आनंद निर्बाण ने किया।

Created On :   14 Jun 2021 10:39 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story