- Home
- /
- नागपुर : वायरलेस पर सीपी का...
नागपुर : वायरलेस पर सीपी का थानेदारों को आदेश

डिजिटल डेस्क,नागपुर। पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार ने सोमवार को बंदोबस्त को लेकर शहर के सभी थानेदारों को वायरलेस पर आदेश देकर तगड़ा बंदोबस्त तैनात करने के लिए कहा है। उपायुक्त और सहायक उपायुक्त स्तर के अधिकारियों को भी सड़क पर उतरने और बंदोबस्त पर नजर रखने को कहा है। साथ ही बेवजह घरों से बाहर निकलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
डेल्टा प्लस के लक्षण सामने आने के बाद प्रशासन शाम 4 बजे से शहर में लॉकडाउन करने का निर्णय लिया है। जो लोग इस आदेश का पालन नहीं करेंगे उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा गया है। इसके लिए पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त तैनात करने की रणनीति बनाई गई है। बंदोबस्त का जायजा लेने के इरादे से सोमवार को पुलिस आयुक्त अमितेशकुमार ने शहर के सभी थानेदार, सहायक उपायुक्त और उपायुक्त स्तर के सभी अधिकारियों को आदेश दिया है। आदेश में कहा गया है कि, बंदोबस्त में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपने-अपने क्षेत्र में बीट मार्शल के जरिए नाकाबंदी की जाए।
यातायात पुलिस फिक्स प्वाइंट पर तैनात की जाए
यातायात पुलिस के भी दो कर्मचारियों को भी फिक्स प्वाइंट पर तैनात किया जाए। उपायुक्त और सहायक उपायुक्तों को बंदोबस्त पर नजर रखने को कहा गया है। रविवार को पुलिस आयुक्त ने औचक निरीक्षक किया। दोपहर तीन बजे वह शहर के कुछ क्षेत्रों में घूमें। इस दौरान उन्हें कामठी रोड पर एक महिला यातायात कर्मी के अलावा कोई नहीं दिखा। ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं किए जाने की चेतावनी उन्होंने दी है।
Created On :   29 Jun 2021 12:14 PM IST