- Home
- /
- चारपहिया वाहन ने दोपहिया वाहन को...
चारपहिया वाहन ने दोपहिया वाहन को मारी टक्कर,1 मृत

डिजिटल डेस्क, नागपुर। बेलतरोड़ी इलाके में नागपुर-वर्धा हाईवे परसोड़ी गांव के पास एक अज्ञात चारपहिया वाहन के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। दोपहिया पर सवार उमेश उर्फ लोकेश सालिकराम सावकार (26) और उसका दोस्त प्रज्जवल सुनील कडू सावंगी हेटी हिंगनघाट, वर्धा निवासी गंभीर जख्मी हो गए। घायल उमेश उर्फ लोकेश सावकार की मेडिकल अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर बेलतरोड़ी थाने के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सवाईथूल ने फरार आरोपी वाहन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार गत 27 अक्टूबर को रात करीब 10.30 बजे उमेश अपने दोस्त प्रज्जवल के साथ दोपहिया वाहन (एमएच 32 एटी 4712) पर हिंगनघाट से कामठी में किसी रिश्तेदार से मिलने आया था।
रिश्तेदार से मिलने के बाद रात में वह दोपहिया से वापस हिंगनघाट जा रहे थे। इस दौरान नागपुर-वर्धा हाईवे परसोड़ी गांव के पास उनकी दोपहिया वाहन को पीछे से आ रहे अज्ञात चार पहिया वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। हादसे में उमेश और प्रज्जवल गंभीर जख्मी हो गए। दोनों को पहले मिहान में सिम्स अस्पताल में ले जाया गया, जहां पर उमेश की हालत को देखते हुए मेडिकल अस्पताल में भेज दिया गया। 31 अक्टूबर को सुबह करीब 6 बजे उमेश की मेडिकल अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बारे में जानकारी मिलने पर बेलतरोड़ी पुलिस ने मृतक उमेश के रिश्तेदार विष्णु गावंडे की शिकायत पर आरोपी वाहन चालक पर धारा 304 (अ), 279, 338 व सहधारा 134, 177 के तहत मामला दर्ज किया है।
Created On :   1 Nov 2022 11:38 AM IST